CG news। कबीरधाम जिला के थाना झलमला क्षेत्र में फर्जी वन अधिकार पट्टा बनाकर लोगों से रुपये लेने के मामले में थाना झलमला पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। एसपी जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देश पर मामले की गंभीरता से जाँच करते हुए आरोपी के कब्जे से फर्जी दस्तावेज भी जब्त किए गए।

जानकारी के अनुसार, ग्राम अंजना निवासी पंछू सिंह धुर्वे ने थाना झलमला में रिपोर्ट दर्ज कराई कि ग्राम अंजना निवासी राजेन्द्र धुर्वे द्वारा उसके व उसकी पत्नी के नाम पर वन अधिकार पट्टा बनवाने का झांसा देकर 1,00,000 रुपये लिये गए। बाद में आरोपी द्वारा दिया गया वन अधिकार पट्टा लेकर जब वह केसीसी ऋण व खाद लेने सोसायटी पहुंचा, तब दस्तावेज के फर्जी होने की जानकारी हुई।

अन्य लोगों से भी ठगी 

जाँच में संतोष धुर्वे व चमर सिंह कुशरे से भी वन अधिकार पट्टा बनवाने के नाम पर 60,000 रुपये एवं 50,000 रुपये, कुल 2,10,000 रुपये लेने की जानकारी सामने आई। पुलिस द्वारा संबंधित वन अधिकार पट्टों का वन विभाग कवर्धा से सत्यापन कराया गया, जिसमें उक्त पट्टों का कोई रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं होना तथा दस्तावेजों को फर्जी व कूटरचित होना पाया गया।

जाँच के दौरान आरोपी राजेन्द्र धुर्वे पिता छत्तर सिंह धुर्वे 36 वर्ष निवासी अंजना थाना झलमला कबीरधाम को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। आरोपी ने फर्जी कूटरचित वन अधिकार पट्टा अपने अन्य साथी के साथ मिलकर बनाना स्वीकार किया। अपने पास रखे उक्त फर्जी दस्तावेज की कॉपी उपलब्ध कराया, जिसे झलमला पुलिस द्वारा जब्त कर आरोपी राजेंद्र सिंह धुर्वे को 3 अक्टूबर को गिरफ्तार किया। साथ ही न्यायिक हिरासत में जिला जेल कबीरधाम भेज दिया गया। प्रकरण में थाना झलमला धारा 318(4), 338, 336(3) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई।