बिलासपुर… सफेद प्लास्टिक की बोरी में देशी और अंग्रेजी शराब भरकर बिक्री के लिए निकले युवक को सरकंडा पुलिस ने प्रभात चौक के पास पकड़ लिया। तलाशी में बोरी से 33 बोतलें शराब बरामद हुईं। जब्त शराब की कीमत 3,800 रुपये आंकी गई है।

पुलिस के मुताबिक, मुखबिर से सूचना मिली थी कि प्रभात चौक क्षेत्र में एक युवक अवैध रूप से शराब बेचने के लिए उसे लेकर घूम रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। इस दौरान सफेद प्लास्टिक की बोरी लेकर मौजूद एक युवक को पकड़ा गया। पूछताछ में उसने अपनी पहचान टिकरापारा मोची मोहल्ला निवासी दीपक खटिक के रूप में बताई।

पुलिस ने बोरी की तलाशी ली तो उसमें गोवा स्पेशल की 25 बोतलें और यूनिक देशी मसाला शराब की 8 बोतलें मिलीं। सभी बोतलें 180-180 एमएल की थीं। इस तरह कुल 5.940 लीटर शराब बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब 3,800 रुपये बताई गई है।

शराब रखने और बिक्री करने का वैध लाइसेंस या दस्तावेज मांगने पर आरोपी कोई कागजात पेश नहीं कर सका। पुलिस ने शराब जब्त कर आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज किया। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।