CG News।बेमेतरा। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में स्कूल से घर लौट रही दसवीं कक्षा की छात्रा के साथ छेड़छाड़ और धमकाने का मामला सामने आया है।

थानखम्हरिया थाना क्षेत्र में एक अज्ञात युवक ने रास्ते में छात्रा को रोककर चाकू दिखाया और उसके दोनों हाथ पकड़कर कैंची से चोटी काट दी।

इसके बाद आरोपी ने छात्रा को धक्का देकर सड़क पर गिरा दिया और मौके से फरार हो गया। घटना के बाद छात्रा और उसके परिजनों में भय का माहौल है। वहीं, डर के कारण गांव की अन्य बच्चियां भी अगले दिन स्कूल नहीं गईं। ग्रामीणों ने थाने पहुंचकर आरोपी की जल्द गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, बेमेतरा जिले के उमराव नगर गांव से करीब 30 से 35 छात्र-छात्राएं प्रतिदिन पढ़ाई के लिए कोपेडबरी स्थित शासकीय स्कूल जाते हैं।

शुक्रवार को दसवीं कक्षा में पढ़ने वाली एक छात्रा स्कूल की छुट्टी के बाद घर लौट रही थी। इसी दौरान रास्ते में एक अज्ञात व्यक्ति ने उसे रोक लिया।

छात्रा के मुताबिक, आरोपी ने पहले चाकू दिखाकर उसे डराया और फिर उसके साथ अभद्र व्यवहार किया। इसके बाद उसने छात्रा के दोनों हाथ पकड़ लिए और कैंची से उसकी चोटी काट दी। अचानक हुई इस घटना से छात्रा घबरा गई। आरोपी ने उसे धक्का देकर सड़क पर गिराया और मौके से भाग निकला।

घटना के बाद छात्रा किसी तरह घर पहुंची और परिजनों को पूरी जानकारी दी। बेटी के साथ हुई घटना की जानकारी मिलते ही परिवार के लोग चिंतित हो गए।

मामला गांव में फैलने के बाद ग्रामीणों में भी नाराजगी देखी गई। परिजनों और ग्रामीणों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

इसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण थानखम्हरिया थाने पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कराने और आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने की मांग उठाई।

छात्रा के साथ हुई घटना का असर गांव के अन्य बच्चों पर भी पड़ा है। बताया जा रहा है कि भय के कारण गांव की अन्य बच्चियां अगले दिन स्कूल नहीं गईं।

उमराव नगर से बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं रोजाना कोपेडबरी स्थित शासकीय स्कूल पढ़ने जाते हैं। ऐसे में रास्ते में हुई इस घटना ने अभिभावकों की चिंता बढ़ा दी है।

ग्रामीणों का कहना है कि स्कूल आने-जाने वाले बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करना जरूरी है। इस तरह की घटना से छात्राओं और उनके परिवारों में असुरक्षा की भावना पैदा हुई है।

ग्रामीण पीलू वर्मा ने बताया कि क्षेत्र में इस तरह की घटना पहली बार सामने आई है। उन्होंने कहा कि छात्रा के साथ हुई घटना के बाद बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों ने पुलिस से निष्पक्ष जांच कर आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने और उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

बताया गया है कि घटना के दो दिन बाद भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी थी। इससे ग्रामीणों और परिजनों की चिंता बनी हुई है।

मामले में एसडीओपी भूषण एक्का ने बताया कि पुलिस घटना की जांच कर रही है। पूछताछ के आधार पर अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अज्ञात आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है। फिलहाल आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।