Cg news। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के भिलाई में छह साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। खुर्सीपार थाना क्षेत्र में एक मकान मालिक पर बच्ची को खेलने के बहाने अपने घर बुलाकर वारदात करने का आरोप है।

बच्ची को शारीरिक तकलीफ होने के बाद घटना का खुलासा हुआ। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है।

जानकारी के मुताबिक, पीड़िता के परिजन आरोपी के मकान में किराए पर रहते हैं। बच्ची का मकान मालिक के घर आना-जाना था। आरोप है कि 2 अक्टूबर की शाम आरोपी ने बच्ची को खेलने के बहाने अपने घर बुलाया। इसी दौरान उसने बच्ची के साथ दुष्कर्म किया।

अगले दिन 3 अक्टूबर की शाम बच्ची ने निजी अंग में दर्द होने की शिकायत की। इसके बाद परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे। उपचार और जांच के दौरान डॉक्टरों को बच्ची के साथ दुष्कर्म की आशंका हुई।

इसके बाद परिजनों ने मकान मालिक पर संदेह जताते हुए तत्काल खुर्सीपार थाने में शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी मकान मालिक को शनिवार रात गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई शुरू की है। मामले में बच्ची का मेडिकल परीक्षण और अन्य कानूनी प्रक्रिया भी की जा रही है।

घटना की जानकारी सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है। कुछ लोग थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की।

पुलिस ने लोगों को मामले में नियमानुसार कार्रवाई और जांच का भरोसा दिया है। फिलहाल पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।