Delicious radish leaf chutney-सर्दियों में मूली खाना कई लोगों को पसंद होता है। सलाद से लेकर सब्जी और पराठे तक, मूली का इस्तेमाल कई तरह से किया जाता है। लेकिन जब बाजार से ताजी मूली खरीदकर लाते हैं, तो अक्सर लोग उसके हरे पत्तों को बेकार समझकर फेंक देते हैं। अगर आप भी ऐसा करते हैं, तो अब ऐसा न करें। मूली के ताजे पत्तों से बेहद स्वादिष्ट चटनी तैयार की जा सकती है।

Delicious radish leaf chutney-मूली के पत्तों से बनी चटनी का स्वाद रोटी, पराठे और नान के साथ खूब अच्छा लगता है। खास बात यह है कि इसमें मूंगफली, तिल, लहसुन और हरी मिर्च का स्वाद इसे खास बना देता है। सही तरीके से तैयार करने पर इसे कुछ समय तक स्टोर भी किया जा सकता है। आइए जानते हैं मूली के पत्तों की चटनी बनाने की आसान रेसिपी।

मूली के पत्तों की चटनी बनाने के लिए सामग्री/Delicious radish leaf chutney

  • मूली के पत्ते – 1 कप
  • नमक – आधा चम्मच
  • ब्लांच करने के लिए नमक – एक चुटकी
  • सरसों का तेल – 1 चम्मच
  • हींग – ¼ चम्मच
  • जीरा – 1 चम्मच
  • अदरक – 1 छोटा टुकड़ा
  • हरी मिर्च – 3 से 4
  • लहसुन – 10 से 12 कलियां
  • मूंगफली – 2 चम्मच
  • सफेद तिल – 1 चम्मच
  • गुड़ – 1 चम्मच
  • नींबू का रस – 1 चम्मच
  • नमक – स्वादानुसार

तड़के के लिए सामग्री

  • सरसों का तेल – 2 से 3 चम्मच
  • लहसुन – 1 चम्मच
  • मूंगफली और तिल – 1 चम्मच
  • हरी मिर्च – 1

मूली के पत्तों की चटनी बनाने का तरीका

पहला स्टेप: पत्तों की सफाई और ब्लांचिंग

सबसे पहले मूली से पत्तियों को अलग कर लें और उन्हें साफ पानी से अच्छी तरह धो लें। पत्तों के मोटे डंठल निकाल दें, ताकि चटनी का टेक्सचर अच्छा रहे। अब एक बर्तन में पानी लेकर उसमें पत्तों को नमक के साथ करीब 5 मिनट तक भिगोकर रखें। इससे उनकी कड़वाहट कुछ हद तक कम करने में मदद मिलेगी।

इसके बाद एक पैन में पानी गर्म करें और उसमें एक चुटकी नमक डालें। मूली के पत्तों को करीब एक मिनट तक ब्लांच करें। ध्यान रखें कि पत्तों को ज्यादा नहीं उबालना है। हल्का नरम होने पर उन्हें निकालकर तुरंत ठंडे पानी में डाल दें। इसके बाद अतिरिक्त पानी अच्छी तरह निचोड़ लें।

दूसरा स्टेप: मसालों के साथ पत्तों को भूनें/Delicious radish leaf chutney

अब कड़ाही में एक चम्मच सरसों का तेल गर्म करें। तेल गर्म होने पर आंच धीमी कर दें और इसमें जीरा, हींग, लहसुन, अदरक और हरी मिर्च डालें। सभी चीजों को कुछ देर तक भूनें। इसके बाद ब्लांच किए हुए मूली के पत्ते डालकर मध्यम आंच पर भूनें, ताकि उनकी अतिरिक्त नमी निकल जाए। मिश्रण तैयार होने पर गैस बंद कर दें और इसे ठंडा होने दें।

तीसरा स्टेप: चटनी को पीसकर तैयार करें

एक पैन में मूंगफली और सफेद तिल को हल्का भून लें। इन्हें मिक्सर में डालकर दरदरा पीस लें। अब इसमें भुने हुए मूली के पत्ते, नींबू का रस, गुड़ और स्वादानुसार नमक डालें। सभी सामग्री को अच्छी तरह पीस लें। चटनी पीसते समय पानी डालने से बचें। जरूरत पड़ने पर थोड़ी मात्रा में सरसों का तेल इस्तेमाल कर सकते हैं। चटनी को अपनी पसंद के अनुसार बारीक या दरदरा पीसें।

चौथा स्टेप: तैयार करें स्वादिष्ट तड़का

आखिर में एक छोटे पैन में सरसों का तेल गर्म करें। इसमें बारीक कटा लहसुन, हरी मिर्च और दरदरी पिसी मूंगफली व तिल डालकर हल्का भूनें। तैयार तड़के को चटनी के ऊपर डाल दें। इस तरह आपकी स्वादिष्ट मूली के पत्तों की चटनी तैयार हो जाएगी।

मूली के पत्तों से बनी इस चटनी को गरमागरम पराठे, रोटी या नान के साथ परोस सकते हैं। मूंगफली और तिल का स्वाद चटनी को खास बनाता है, जबकि नींबू और गुड़ इसके स्वाद में हल्का खट्टा-मीठा संतुलन देते हैं। इसे साफ और सूखे एयरटाइट डिब्बे में फ्रिज में रखें। लंबे समय तक सुरक्षित रखने के लिए हमेशा साफ और सूखा चम्मच इस्तेमाल करें।