CG News।रायपुर। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में जिला शिक्षा अधिकारी ने अनुशासनहीनता, कर्तव्यों के प्रति लापरवाही और विभागीय निर्देशों की अवहेलना के अलग-अलग मामलों में चार कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

निलंबित कर्मचारियों में एक सहायक शिक्षक, एक भृत्य, एक लेखापाल और एक सहायक ग्रेड-03 शामिल हैं। कार्रवाई संबंधित अधिकारियों के प्रतिवेदनों, निरीक्षण रिपोर्ट और कारण बताओ नोटिस के जवाबों की समीक्षा के बाद की गई है।

जारी आदेशों के अनुसार, संबंधित कर्मचारियों के कृत्य छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के नियम-3 के विपरीत पाए गए।

इसके आधार पर छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम, 1966 के नियम-9 के तहत निलंबन की कार्रवाई की गई है। निलंबन अवधि में कर्मचारियों को नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा

शासकीय प्राथमिक शाला बीरूटोला, विकासखंड छुरिया में पदस्थ सहायक शिक्षक (एलबी) भेमसेन तारम पर संकुल व्हाट्सएप ग्रुप में बार-बार अभद्र, अशोभनीय और अमर्यादित संदेश भेजने का आरोप है।

प्राचार्य और विकासखंड शिक्षा अधिकारी छुरिया के प्रतिवेदन के अनुसार, शैक्षिक समन्वयक के निरीक्षण के दौरान वे स्कूल से अनुपस्थित भी पाए गए थे। समझाइश के बावजूद उनके व्यवहार में सुधार नहीं होने की बात कही गई है।

आदेश में अनुपस्थिति को लेकर जारी स्पष्टीकरण का जवाब नहीं देने और दैनिक मध्यान्ह भोजन संचालन तथा छात्रवृत्ति संबंधी कार्य प्रभावित होने का भी उल्लेख है।

इन आरोपों को गंभीर मानते हुए उन्हें निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, डोंगरगांव निर्धारित किया गया है।

शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सुरगी, विकासखंड एवं जिला राजनांदगांव में पदस्थ भृत्य प्रमिला राय को वीएसके एप में नियमित उपस्थिति दर्ज नहीं करने के मामले में निलंबित किया गया है। उन्हें 26 अक्टूबर 2026 को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। जवाब में उन्होंने मोबाइल में एप अपडेट नहीं होने की बात कही थी।

हालांकि, 1 अक्टूबर से 20 नवंबर 2026 के बीच 32 कार्य दिवसों के एप रिकॉर्ड की जांच में 14 दिन अनुपस्थिति और 18 दिन उपस्थिति दर्ज मिली।

इनमें भी 13 दिन स्कूल समय समाप्त होने के बाद उपस्थिति दर्ज किए जाने की बात सामने आई। जवाब असंतोषजनक पाए जाने और विभागीय निर्देशों की अवहेलना के आधार पर उन्हें निलंबित कर मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, राजनांदगांव तय किया गया है।

शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भैंसातरा, विकासखंड एवं जिला राजनांदगांव में पदस्थ लेखापाल मोरेश्वर गोसाई को भी वीएसके एप में उपस्थिति दर्ज नहीं करने के मामले में निलंबित किया गया है।

26 अक्टूबर 2026 को जारी पत्र के जवाब में उन्होंने विभागीय कार्य से रायपुर और दुर्ग जाने का हवाला दिया था।

हालांकि, उपस्थिति दर्ज नहीं होने के संबंध में वे कोई ठोस अभिलेखीय प्रमाण या संतोषजनक स्पष्टीकरण प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद उनके खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, डोंगरगढ़ निर्धारित किया गया है।

शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रेंगाकठेरा, विकासखंड डोंगरगढ़ में पदस्थ सहायक ग्रेड-03 अतुल कुमार सिन्हा के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है। उन पर 28 सितंबर 2026 से बिना पूर्व सूचना अनधिकृत रूप से अनुपस्थित रहने और संस्था प्रमुख के स्पष्टीकरण का जवाब नहीं देने का आरोप है।

इसके अलावा आदेश में विद्यालय के बिजली बिल की 6,530 रुपये की राशि आहरित करने के बावजूद छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (सीएसपीडीसीएल) में भुगतान नहीं करने का उल्लेख है।

उन पर वीएसके एप में उपस्थिति दर्ज नहीं करने, छात्रवृत्ति कार्य में अपेक्षित प्रगति नहीं लाने और संबंधित दस्तावेज विद्यालय को नहीं सौंपने के आरोप भी लगाए गए हैं। इन मामलों को गंभीर कदाचरण मानते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, छुरिया निर्धारित किया गया है।

किस कर्मचारी का मुख्यालय कहां तय किया गया?

  • भेमसेन तारम: सहायक शिक्षक (एलबी), बीरूटोला, छुरिया। निलंबन अवधि में मुख्यालय बीईओ कार्यालय, डोंगरगांव।
  • प्रमिला राय: भृत्य, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सुरगी। मुख्यालय बीईओ कार्यालय, राजनांदगांव।
  • मोरेश्वर गोसाई: लेखापाल, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भैंसातरा। मुख्यालय बीईओ कार्यालय, डोंगरगढ़।
  • अतुल कुमार सिन्हा: सहायक ग्रेड-03, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रेंगाकठेरा। मुख्यालय बीईओ कार्यालय, छुरिया।