सूरजपुर/ बिश्रामपुर।एसईसीएल बिश्रामपुर क्षेत्र में ठेका श्रमिकों की 15 सूत्रीय मांगों को लेकर संयुक्त कोयला मजदूर संघ (एटक) का आंदोलन छठवें दिन भी जारी रहा। 17 नवंबर से शुरू हुई क्रमिक भूख हड़ताल में अब तक 60 ठेका श्रमिक शामिल हो चुके हैं। इधर, आंदोलन को जिला कांग्रेस का भी समर्थन मिला है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष शशि सिंह अपने साथियों के साथ आंदोलन स्थल पहुंचीं और श्रमिकों की मांगों का समर्थन किया।

एटक के क्षेत्रीय अध्यक्ष हीरालाल और क्षेत्रीय सचिव पंकज कुमार गर्ग ने कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल का स्वागत किया। इस दौरान पंकज गर्ग ने बताया कि ठेका श्रमिकों की 15 सूत्रीय मांगों में कोई नई मांग नहीं है। सभी मांगें केंद्र सरकार, कोल इंडिया और श्रम कानूनों के तहत पहले से बने नियमों के पालन से जुड़ी हैं। इसके बावजूद क्षेत्रीय प्रबंधन ठेका मजदूरों के शोषण पर मौन है। श्रमिक आज भी खदानों में बेहद खराब परिस्थितियों में काम करने को मजबूर हैं। उन्होंने आंदोलन को समर्थन देने के लिए जिला कांग्रेस अध्यक्ष का आभार जताया।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष शशि सिंह ने कहा कि ठेका मजदूरों की मांगें जायज हैं। क्षेत्रीय प्रबंधन ने मांगों का निराकरण नहीं किया तो जिला कांग्रेस इस आंदोलन में शामिल होकर पूरा सहयोग करेगी। उन्होंने मौजूदा सरकार पर ठेका प्रथा को बढ़ावा देकर मजदूरों के शोषण को बढ़ाने का आरोप लगाया। उनका कहना था कि कांग्रेस ने सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों का निर्माण मजदूरों के हितों की रक्षा के उद्देश्य से किया था। अब ठेका व्यवस्था में श्रमिकों के हितों की अनदेखी हो रही है। उनके साथ जिला महामंत्री संजय डोषी और जिला उपाध्यक्ष नरेंद्र जैन भी मौजूद रहे।

श्रमिकों की प्रमुख मांगों में सभी खदानों में वर्क्स कमेटी का गठन, नियुक्ति और पहचान पत्र देना, कोयला परिवहन, साइडिंग, सोलर प्लांट और खान परिसर में काम करने वाले श्रमिकों को एचपीसी वेतन देना शामिल है। इसके अलावा बायोमेट्रिक और उपस्थिति रजिस्टर में हाजिरी, महीने में 26 दिन काम, हर महीने की सात तारीख तक वेतन और वेतन पर्ची देने की मांग की गई है।

श्रमिक चाहते हैं कि वेतन का भुगतान कॉरपोरेट बैंक खातों से हो, जिससे उन्हें कॉरपोरेट बीमा का लाभ मिल सके। बोनस और पीएलआई का पूरा भुगतान करने के साथ गायत्री और केतकी खदान के वर्ष 2024-25 के बकाया बोनस का भुगतान भी मांगपत्र में शामिल है। खदानों में सुरक्षा मानकों का पालन, दुर्घटनाओं को छिपाने पर रोक, रोजगार के नाम पर कथित अवैध वसूली की उच्चस्तरीय जांच और भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग भी उठाई गई है। इसके अलावा वेतन से काटी गई सीएमपीएफ राशि वापस करने या उसका समायोजन करने की मांग की गई है।

एटक पदाधिकारियों के अनुसार प्रतिदिन 10 ठेका श्रमिक क्रमिक भूख हड़ताल पर बैठ रहे हैं। छठवें दिन पुरुषोत्तम, रामसुंदर, विक्रम साहू, भूपेंद्र, रामकृष्ण पाल, प्रदीप बिशेन, विजय प्रताप, देव साय, अरविंद और संजय भूख हड़ताल पर बैठे। संघ ने चेतावनी दी है कि प्रबंधन का रवैया इसी तरह उदासीन रहा तो 25 नवंबर से अनिश्चितकालीन आमरण अनशन शुरू किया जाएगा।

आंदोलन में एटक के क्षेत्रीय अध्यक्ष हीरालाल, क्षेत्रीय कोषाध्यक्ष विनोद सिंह, गोपाल शर्मा, विवेक यादव, विपिन सिंह, विकास मिश्रा, सुनील गर्ग, मुरलीधर, एनके चतुर्वेदी, रामचन्द्र, दीप सिंह, बीरेंदर, त्रिनाथ, सोमार साय और धर्मजीत सहित बड़ी संख्या में ठेका श्रमिक मौजूद रहे।