सूरजपुर ।साइबर ठगी के करोड़ों रुपये के लेनदेन का सूरजपुर पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। देश के 21 राज्यों के 150 बैंक खाताधारकों की शिकायतों की जांच में सूरजपुर के एक बैंक खाते से 113 करोड़ 32 लाख रुपये से अधिक की ठगी की रकम का लेनदेन सामने आया है। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों अमन पासवान और जिशान रजा को गिरफ्तार किया है। मामले में एक अन्य आरोपी अब भी फरार है।

पुलिस की जांच भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (आई फोर सी) के जेसीसीटीएमएस पोर्टल से मिले संदिग्ध बैंक खातों के इनपुट के आधार पर शुरू हुई थी। जांच में सामने आया कि देवनारायण चक्रधारी और महेश कुमार चक्रधारी ने मिलकर डीएन चक्रधारी एजुकेशन डेवलपमेंट एसोसिएशन के नाम से भारतीय स्टेट बैंक की सूरजपुर शाखा में खाता खुलवाया था। इसी खाते के जरिए देश के अलग-अलग राज्यों में हुई साइबर ठगी की रकम का लेनदेन किया गया।

बैंक खाते से जुड़ी शिकायतों में कुल 1,13,32,09,604 रुपये के लेनदेन की जानकारी सामने आने के बाद थाना सूरजपुर में अपराध क्रमांक 107/26 के तहत बीएनएस की धाराओं में मामला दर्ज किया गया। जांच में यह भी पता चला कि 23 से 29 अप्रैल 2025 के बीच देवनारायण चक्रधारी के खाते में करीब 13 करोड़ रुपये की ठगी की रकम आई थी। इसमें से 13 लाख रुपये कमीशन के रूप में बांटे गए थे।

पुलिस के मुताबिक कमीशन की रकम में देवनारायण चक्रधारी को 8 लाख, अमन पासवान को 2 लाख और जिशान रजा खान को ढाई लाख रुपये मिले थे। रकम की निकासी चेक और एटीएम के जरिए की गई थी। पुलिस ने बताया कि इस मामले में देवनारायण चक्रधारी को पहले ही गिरफ्तार कर उसके खिलाफ न्यायालय में अभियोग पत्र पेश किया जा चुका है।

थाना सूरजपुर की टीम ने मुखबिर की सूचना और तकनीकी मदद से दबिश देकर अमन पासवान (32), निवासी पंखानजूर, जिला कांकेर और जिशान रजा (30), निवासी नावापारा सूरजपुर को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने अपराध स्वीकार किया। पुलिस के अनुसार दोनों ने कमीशन की रकम खर्च कर दी थी। मामले में एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है। कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रहलाद यादव, एसआई सकलूराम भगत और उनकी टीम की भूमिका रही