बिलासपुर…जिले में पिछले छह महीनों के दौरान सड़क दुर्घटनाओं में 151 लोगों की मौत ने प्रशासन को अलर्ट मोड में ला दिया है। बढ़ते हादसों और मौतों के चिंताजनक आंकड़ों के बीच शुक्रवार को जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह ने सड़क सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए साफ संकेत दिए कि अब सड़कों पर लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में सामने आए आंकड़ों के अनुसार जिले में इस वर्ष अब तक 151 लोगों की जान सड़क दुर्घटनाओं में जा चुकी है। रतनपुर, तखतपुर और मस्तूरी थाना क्षेत्र सबसे ज्यादा हादसों और मौतों वाले क्षेत्र के रूप में चिन्हित हुए हैं। इन आंकड़ों को गंभीर मानते हुए प्रशासन ने दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों पर सीधे कार्रवाई का फैसला लिया है।

हाईवे पर अवैध पार्किंग बनी बड़ा खतरा

कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्गों पर बेतरतीब खड़े ट्रक और भारी वाहन कई गंभीर दुर्घटनाओं की वजह बन रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि वाहन केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों और ले-बाय में ही खड़े किए जाएं। पहले चेतावनी दी जाएगी, लेकिन उसके बाद नियम तोड़ने वालों पर कड़ी कार्रवाई होगी।

ढाबों को करनी होगी पार्किंग की व्यवस्था

बैठक में सड़क किनारे संचालित ढाबों और होटलों को भी दुर्घटनाओं का एक कारण माना गया। कलेक्टर ने कहा कि जिन प्रतिष्ठानों के कारण सड़क पर अवैध पार्किंग की स्थिति बनती है, उन्हें स्वयं पार्किंग की समुचित व्यवस्था करनी होगी। जरूरत पड़ने पर निजी भूमि मालिकों की सहमति से भी पार्किंग विकसित की जा सकती है।

नशे में ड्राइविंग पर एफआईआर की तैयारी

एसएसपी रजनेश सिंह ने कहा कि नशे की हालत में वाहन चलाना जिले में सड़क दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण बनकर सामने आया है। ऐसे मामलों में अब केवल चालान तक सीमित नहीं रहा जाएगा, बल्कि जरूरत पड़ने पर आपराधिक प्रकरण भी दर्ज किए जाएंगे। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों और संबंधित विभागों को समन्वय के साथ कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

बरसात से पहले मवेशियों पर फोकस

मानसून को देखते हुए प्रशासन ने सड़कों पर घूमने वाले मवेशियों को भी दुर्घटनाओं का बड़ा कारण माना है। कलेक्टर ने गोधन आश्रय स्थलों, गौठानों और गोधामों को तैयार रखने, वहां चारा-पानी, साफ-सफाई और रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही पेट्रोलिंग टीमों को नियमित निगरानी बढ़ाने कहा गया है।

ग्रामीण सड़कों पर भी निगरानी

बैठक में यह मुद्दा भी उठा कि टोल टैक्स बचाने के लिए कई भारी वाहन ग्रामीण सड़कों का उपयोग कर रहे हैं। इससे सड़कें क्षतिग्रस्त हो रही हैं और दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ रहा है। एसएसपी ने ऐसे वाहनों की पहचान कर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

दुर्घटनामुक्त बिलासपुर का लक्ष्य

बैठक में मौजूद प्रशासनिक, पुलिस, परिवहन, एनएचएआई, पशु चिकित्सा और अन्य विभागों के अधिकारियों ने सड़क सुरक्षा को जन आंदोलन का स्वरूप देने और दुर्घटनामुक्त बिलासपुर के लक्ष्य की दिशा में संयुक्त प्रयास करने का संकल्प लिया। कलेक्टर ने दो टूक कहा कि सड़क सुरक्षा सीधे नागरिकों के जीवन से जुड़ा विषय है और इस दिशा में किसी भी स्तर की लापरवाही अब स्वीकार नहीं की जाएगी।