LIVE UPDATE
Bilaspur

घर-घर चल रहा था ‘भट्ठी कारोबार..कच्ची महुआ करारा वार: 425 लीटर अवैध शराब के साथ 3 गिरफ्तार

पुलिस की घेराबंदी में खुला अवैध शराब का अड्डा, 93 हजार का माल और निर्माण उपकरण जब्त

बिलासपुर (चकरभाठा): अवैध शराब के खिलाफ चल रहे अभियान में चकरभाठा पुलिस ने बड़ा प्रहार करते हुए एक ही कार्रवाई में 425 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वर्मा मोहल्ला स्थित एक घर के आंगन में खुलेआम चल रहे इस ‘भट्ठी कारोबार’ का खुलासा तब हुआ जब ग्राम पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस को मुखबिर से सटीक सूचना मिली।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए मौके पर दबिश दी और गवाहों की मौजूदगी में घेराबंदी कर कार्रवाई को अंजाम दिया। छापे के दौरान रवि वर्मा के कब्जे से 155 लीटर, बंटी वर्मा के पास से 135 लीटर और रानी वर्मा के पास से 135 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद हुई। मौके से शराब बनाने के उपकरण भी जब्त किए गए, जिनमें एल्यूमीनियम की डेचकी, चूल्हा और गैस सिलेंडर शामिल हैं। पूरी कार्रवाई में करीब 93 हजार रुपए का माल जब्त किया गया।

पूछताछ के दौरान आरोपी शराब रखने और बनाने से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने मौके पर ही अवैध शराब और उपकरण जब्त कर तीनों को गिरफ्तार कर लिया। मामला आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत दर्ज किया गया और आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।

यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज कुमार पटेल तथा नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में की गई। पुलिस ने साफ संकेत दिया है कि अवैध शराब के कारोबार पर पूरी सख्ती के साथ कार्रवाई जारी रहेगी।

चकरभाठा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि इलाके में कहीं भी अवैध गतिविधि नजर आए तो तत्काल पुलिस या डायल 112 को सूचना दें, ताकि ऐसे नेटवर्क पर समय रहते कार्रवाई की जा सके।

Bhaskar Mishra

पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 16 साल का अनुभव।विभिन्न माध्यमों से पत्रकारिता के क्षेत्र मे काम करने का अवसर मिला।यह प्रयोग अब भी जारी है।कॉलेज लाइफ के दौरान से पत्रकारिता से गहरा जुड़ाव हुआ।इसी दौरान दैनिक समय से जुडने का अवसर मिला।कहानी,कविता में विशेष दिलचस्पी ने पहले तो अधकचरा पत्रकार बनाया बाद में प्रदेश के वरिष्ठ और प्रणम्य लोगों के मार्गदर्शन में संपूर्ण पत्रकारिता की शिक्षा मिली। बिलासपुर में डिग्री लेने के दौरान दैनिक भास्कर से जु़ड़ा।2005-08 मे दैनिक हरिभूमि में उप संपादकीय कार्य किया।टूडे न्यूज,देशबन्धु और नवभारत के लिए रिपोर्टिंग की।2008- 11 के बीच ईटीवी हैदराबाद में संपादकीय कार्य को अंजाम दिया।भाग दौड़ के दौरान अन्य चैनलों से भी जुडने का अवसर मिला।2011-13 मे बिलासपुर के स्थानीय चैनल ग्रैण्ड न्यूज में संपादन का कार्य किया।2013 से 15 तक राष्ट्रीय न्यूज एक्सप्रेस चैनल में बिलासपुर संभाग व्यूरो चीफ के जिम्मेदारियों को निभाया। 1998-2000 के बीच आकाशवाणी में एनाउँसर-कम-कम्पियर का काम किया।वर्तमान में www.cgwall.com वेबपोर्टल में संपादकीय कार्य कर रहा हूं।
Back to top button
close