LIVE UPDATE
india

मानदेय घोटाले का खुलासा, 48 कर्मियों को गलत भुगतान; चार निलंबित, वसूली शुरू

कानपुर। कानपुर पुलिस कमिश्नरेट में वित्तीय अनियमितता का एक गंभीर मामला सामने आया है, जिसमें अवकाश के दौरान भी पुलिसकर्मियों को अतिरिक्त मानदेय दिए जाने का खुलासा हुआ है।

जांच में पाया गया कि कुल 48 पुलिसकर्मी—जिनमें इंस्पेक्टर, सब-इंस्पेक्टर और सिपाही शामिल हैं—को नियमों के विपरीत बिना कटौती के अतिरिक्त भुगतान कर दिया गया।

मामले के सामने आते ही पुलिस प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए अकाउंट सेक्शन में तैनात चार कर्मचारियों को निलंबित कर दिया है।

इनमें दो दरोगा, एक हेड कांस्टेबल और एक कांस्टेबल शामिल हैं। प्रारंभिक जांच में इनकी लापरवाही सामने आई है, जिसके चलते यह वित्तीय गड़बड़ी हुई।

संकल्प शर्मा, ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर (क्राइम एवं मुख्यालय) ने बताया कि अराजपत्रित पुलिसकर्मियों को दूसरे शनिवार और रविवार को ड्यूटी करने पर अतिरिक्त मानदेय दिया जाता है, लेकिन यदि कोई कर्मी इन दिनों अवकाश पर रहता है तो उसके मानदेय में कटौती अनिवार्य होती है। इस प्रक्रिया का पालन नहीं होने के कारण यह अनियमितता सामने आई।

जांच के दौरान यह भी स्पष्ट हुआ कि कई मामलों में अवकाश दर्ज होने के बावजूद भुगतान में कोई कटौती नहीं की गई, जिससे सरकारी धन का अनावश्यक व्यय हुआ। प्रशासन ने अब संबंधित 48 पुलिसकर्मियों से अतिरिक्त भुगतान की गई राशि उनके वेतन से समायोजित कर वसूली शुरू कर दी है।

पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए कमिश्नरेट स्तर पर विस्तृत जांच के आदेश दिए गए हैं। सभी जोनों और इकाइयों में मानदेय वितरण प्रक्रिया की समीक्षा की जा रही है और संबंधित अधिकारियों को तीन दिनों के भीतर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

Back to top button
close