फरार अपराधियों पर इनाम का दांव: बिलासपुर पुलिस ने जारी की ‘वॉन्टेड’ सूची, सूचना देने वालों को नकद इनाम
जिले के अलग-अलग थानों के मामलों में फरार आरोपी निशाने पर, पुलिस ने जनता से मांगी सीधी मदद

बिलासपुर: जिले में फरार आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने अब सीधा सार्वजनिक मोर्चा खोल दिया है। अलग-अलग थानों में दर्ज गंभीर मामलों के आरोपियों तक पहुंचने के लिए पुलिस ने इनाम की घोषणा करते हुए आम लोगों से सूचना देने की अपील की है। साफ संदेश है—जो जानकारी देगा, उसे इनाम मिलेगा और फरार आरोपी अब ज्यादा दिन बाहर नहीं रह पाएंगे।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के स्तर से जारी इस पहल के तहत कई ऐसे आरोपी चिन्हित किए गए हैं, जो लंबे समय से पुलिस गिरफ्त से दूर हैं। इनमें सकरी, तोरवा, कोटा, तखतपुर और बिल्हा थाना क्षेत्रों से जुड़े मामले शामिल हैं। हर आरोपी पर 5-5 हजार रुपए का इनाम तय किया गया है, ताकि उनके ठिकानों तक पहुंचने में तेजी लाई जा सके।
पुलिस के अनुसार, इन आरोपियों में प्रशांत तिवारी और रोनक धु्रर्वे जैसे स्थानीय नामों के साथ-साथ अन्य जिलों और राज्यों से जुड़े आरोपी भी शामिल हैं, जो अलग-अलग अपराध प्रकरणों में वांछित हैं। सूची में ऐसे चेहरे भी हैं, जो लगातार पुलिस की पकड़ से बाहर रहे हैं और जिनकी तलाश लंबे समय से जारी है।
इस कदम के जरिए पुलिस ने साफ कर दिया है कि अब फरार आरोपियों की तलाश सिर्फ पुलिस तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि इसमें आम नागरिकों की भी भागीदारी तय की गई है। पुलिस का मानना है कि स्थानीय स्तर पर मिलने वाली छोटी-छोटी सूचनाएं भी बड़े नेटवर्क तक पहुंचने में मददगार साबित हो सकती हैं।
पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। इसके लिए पुलिस कंट्रोल रूम से लेकर संबंधित थानों के मोबाइल नंबर तक सार्वजनिक किए गए हैं, ताकि लोग बिना झिझक जानकारी साझा कर सकें।





