CG News, धमतरी में 11वीं की छात्रा ने की आत्महत्या, दो पेपर खराब होने से थी परेशान

Cg news ।धमतरी।छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में परीक्षा को लेकर मानसिक तनाव का एक दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां कक्षा 11वीं की एक छात्रा ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी।
घटना के बाद परिवार और पूरे इलाके में शोक का माहौल है, वहीं पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।मिली जानकारी के अनुसार, भखारा थाना क्षेत्र के ग्राम भेलवाकूदा निवासी 17 वर्षीय वैष्णवी साहू 14 अप्रैल की दोपहर अपने घर में फांसी के फंदे पर लटकी मिली।
परिजन उसे तुरंत जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अगले दिन 15 अप्रैल को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
परिजनों के अनुसार, वैष्णवी पचपेड़ी स्थित स्कूल में कक्षा 11वीं की छात्रा थी। 9 अप्रैल को परीक्षा देकर लौटने के बाद उसने बताया था कि उसके दो पेपर खराब हो गए हैं। परिवार ने उसे समझाने की कोशिश की कि कक्षा 11वीं बोर्ड नहीं होती और पूरक परीक्षा देकर स्थिति सुधारी जा सकती है, लेकिन इसके बाद से वह चुप-चुप रहने लगी और बातचीत भी कम कर दी थी।
घटना के दिन परिवार के लोग गांव में आयोजित एक सामाजिक कार्यक्रम में गए हुए थे। दोपहर करीब 3:30 बजे लौटने पर जब वैष्णवी को खाने के लिए बुलाया गया और कमरे से कोई जवाब नहीं मिला, तो दरवाजा खोलकर देखा गया। अंदर का दृश्य देखकर सभी स्तब्ध रह गए, जहां छात्रा पंखे से दुपट्टे के सहारे लटकी हुई थी।



