LIVE UPDATE
Chhattisgarh

बड़ा टकराव: विधायक का कलेक्टर को सीधा अल्टीमेटम—24 घंटे में SDM हटाओ, वरना तैयार रहिए

सत्ता vs प्रशासन आमने-सामने: SDM को लेकर 24 घंटे की डेडलाइन

बलरामपुर..( पृथ्वी लाल केशरी) |…सामरी विधायक उद्धेश्वरी पैकरा और प्रशासन के बीच टकराव खुलकर सामने आ गया है। राजपुर एसडीएम को लेकर नाराज विधायक ने सीधे कलेक्टर राजेंद्र कुमार कटारा को फोन पर 24 घंटे का अल्टीमेटम दे दिया—अगर एसडीएम नहीं हटे तो कार्यकर्ताओं के साथ धरना प्रदर्शन तय है। घटना ने पूरे जिले के साथ संभाग की राजनीति में हलचल पैदा कर दी है।

मामला राजपुर अनुविभाग मुख्यालय का है, जहां नेशनल हाईवे 343 से कॉलेज तक 300 मीटर सीसी सड़क और नाली निर्माण के लिए 27 लाख रुपये डीएमएफ मद से स्वीकृत किए गए हैं। गुरुवार को इसी कार्य के भूमिपूजन के लिए विधायक उद्धेश्वरी पैकरा पहुंची थीं। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए एसडीएम देवेंद्र प्रधान और तहसीलदार कावेरी मुखर्जी को भी सूचना दी गई थी, लेकिन एसडीएम कार्यक्रम में नहीं पहुंचे।

बताया गया कि एसडीएम फील्ड में हैं, लेकिन जब विधायक ने पास स्थित तहसील कार्यालय का रुख किया तो वहां एसडीएम और तहसीलदार मौजूद मिले। यहीं से विवाद ने तूल पकड़ लिया। विधायक ने कार्यक्रम में अनुपस्थिति पर नाराजगी जताई, जिस पर एसडीएम ने कथित तौर पर कहा कि कार्यक्रम में आना या न आना उनकी मर्जी है। इसके बाद दोनों के बीच तीखी बहस हो गई।

विवाद के तुरंत बाद विधायक ने कलेक्टर राजेंद्र कुमार कटारा को फोन कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी और साफ कहा कि 24 घंटे के भीतर एसडीएम का ट्रांसफर किया जाए, अन्यथा वे कार्यकर्ताओं के साथ दरी बिछाकर धरने पर बैठेंगी। यह बयान सीधे प्रशासन को खुली चुनौती के तौर पर देखा जा रहा है।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और अब यह मामला जिले से निकलकर पूरे संभाग में चर्चा का विषय बन चुका है। फिलहाल निगाहें कलेक्टर के अगले कदम पर टिकी हैं—क्या प्रशासन दबाव में आएगा या टकराव और तेज होगा।

Bhaskar Mishra

पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 16 साल का अनुभव।विभिन्न माध्यमों से पत्रकारिता के क्षेत्र मे काम करने का अवसर मिला।यह प्रयोग अब भी जारी है।कॉलेज लाइफ के दौरान से पत्रकारिता से गहरा जुड़ाव हुआ।इसी दौरान दैनिक समय से जुडने का अवसर मिला।कहानी,कविता में विशेष दिलचस्पी ने पहले तो अधकचरा पत्रकार बनाया बाद में प्रदेश के वरिष्ठ और प्रणम्य लोगों के मार्गदर्शन में संपूर्ण पत्रकारिता की शिक्षा मिली। बिलासपुर में डिग्री लेने के दौरान दैनिक भास्कर से जु़ड़ा।2005-08 मे दैनिक हरिभूमि में उप संपादकीय कार्य किया।टूडे न्यूज,देशबन्धु और नवभारत के लिए रिपोर्टिंग की।2008- 11 के बीच ईटीवी हैदराबाद में संपादकीय कार्य को अंजाम दिया।भाग दौड़ के दौरान अन्य चैनलों से भी जुडने का अवसर मिला।2011-13 मे बिलासपुर के स्थानीय चैनल ग्रैण्ड न्यूज में संपादन का कार्य किया।2013 से 15 तक राष्ट्रीय न्यूज एक्सप्रेस चैनल में बिलासपुर संभाग व्यूरो चीफ के जिम्मेदारियों को निभाया। 1998-2000 के बीच आकाशवाणी में एनाउँसर-कम-कम्पियर का काम किया।वर्तमान में www.cgwall.com वेबपोर्टल में संपादकीय कार्य कर रहा हूं।
Back to top button