यहां से वहां तक ताबड़तोड़ कार्रवाई: रेत-मुरुम के खेल में 6 वाहन जब्त, मशीन सील—खनन नेटवर्क में मचा हड़कंप
नेवरा से तखतपुर तक संयुक्त अभियान, रेत-मुरुम के अवैध उत्खनन पर सख्ती

बिलासपुर: जिले में लंबे समय से जड़ें जमा चुके अवैध खनिज उत्खनन पर आखिरकार बड़ा प्रहार हुआ है। प्रशासन ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मुरुम और रेत के अवैध उत्खनन व परिवहन में लगे 6 वाहनों को जब्त कर माफियाओं के नेटवर्क पर सीधा वार किया है। इस कार्रवाई ने साफ संकेत दे दिया है कि अब अवैध खनन पर लगाम कसने की तैयारी तेज हो चुकी है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश और कलेक्टर संजय अग्रवाल के मार्गदर्शन में राजस्व, खनिज और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने जिले के अलग-अलग इलाकों में एक साथ दबिश दी। लगभग डेढ़ दर्जन अधिकारियों और कर्मचारियों की टीम ने तखतपुर, काठकोनी, भरनी, चोरभट्ठी, गनियारी, नेवरा, टांडा, अमने, मंगला और धुरिपारा क्षेत्रों में व्यापक जांच अभियान चलाया।
जांच के दौरान नेवरा क्षेत्र में मुरुम का अवैध उत्खनन करते हुए एक चैन माउंटेन मशीन और दो हाइवा वाहन पकड़े गए। वहीं तखतपुर क्षेत्र में एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अवैध मुरुम परिवहन करते हुए जब्त की गई। मंगला और धुरिपारा इलाके में रेत के अवैध उत्खनन और परिवहन में लगे दो और ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़े गए। इस तरह कुल 6 वाहनों को जब्त कर थाना सकरी, कोटा और कोनी की अभिरक्षा में रखा गया है, जबकि चैन माउंटेन मशीन को मौके पर ही सीलबंद कर दिया गया।
जिले में रेत और मुरुम के अवैध उत्खनन का मुद्दा लंबे समय से गंभीर बना हुआ है, जहां नियमों को दरकिनार कर बड़े पैमाने पर खनन किया जा रहा है। इस कार्रवाई को उसी समस्या पर सीधी चोट के तौर पर देखा जा रहा है। प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि यह सिर्फ शुरुआत है और आगे भी ऐसे संयुक्त अभियान लगातार चलाए जाएंगे।





