LIVE UPDATE
india

पटवारियों की तीन दिवसीय हड़ताल, वेतन विसंगतियों व लंबित मांगों को लेकर प्रदर्शन

कठुआ। जिला मुख्यालय कठुआ में ऑल जम्मू एंड कश्मीर पटवार एसोसिएशन (यूनिट एएमजेईए कठुआ) के बैनर तले पटवारियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया और तीन दिवसीय काम छोड़ हड़ताल शुरू कर दी। जिला उपायुक्त कार्यालय परिसर में एकत्रित होकर पटवारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और अपनी मांगों को जल्द पूरा करने की मांग उठाई।

प्रदर्शन कर रहे पटवारियों का कहना है कि उन्हें उनके कार्य के अनुरूप वेतन नहीं मिल रहा है। लगातार बढ़ते कार्यभार के बावजूद वेतन में संतोषजनक बढ़ोतरी नहीं होने से कर्मचारियों में भारी नाराजगी है।

उन्होंने वेतन विसंगतियों को दूर करने की मांग को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि वे पूरी तरह से काम से अलग रहकर धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं।

उनका कहना है कि सरकार उनकी मांगों को लगातार नजरअंदाज कर रही है, जिससे उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा।

एसोसिएशन की प्रमुख मांगों में रेवेन्यू रिकॉर्ड के डिजिटाइजेशन की प्रक्रिया को व्यवस्थित करना, पटवार हलकों और गिरदावर सर्किलों का रैशनलाइजेशन, अतिरिक्त कार्यों का युक्तिकरण, पटवारियों को तकनीकी ग्रेड प्रदान करना और ग्रेड पे 2400 से बढ़ाकर 2800 करना शामिल है।

इसके अलावा एनटी कोटा को 75/25 करने, लंबित डीपीसी को जल्द पूरा करने, गिरदावर कानूनगो की नियुक्ति और वरिष्ठता सूची को अंतिम रूप देने की मांग भी उठाई गई। पटवारियों ने यह भी कहा कि उनकी मांगें केवल कर्मचारियों तक सीमित नहीं हैं बल्कि आम जनता से भी जुड़ी हुई हैं।

उनका कहना है कि यदि उनकी मांगें पूरी होती हैं तो राजस्व कार्यों में तेजी आएगी और जनता को भी सीधा लाभ मिलेगा। इसी को ध्यान में रखते हुए उन्होंने आम लोगों से भी उनके इस आंदोलन में सहयोग करने की अपील की।

एसोसिएशन ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो आने वाले समय में आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

Back to top button
close