नई दिल्ली/बिलासपुर.. उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने नई दिल्ली के द्वारका स्थित यशोभूमि इंडिया इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में आयोजित दो दिवसीय नेशनल अर्बन कॉनक्लेव में हिस्सा लिया। कॉनक्लेव में देशभर से 2500 से अधिक प्रतिनिधि — राज्यों के शहरी विकास मंत्री, नीति निर्माता, विशेषज्ञ और नगर निकायों के पदाधिकारी शामिल हुए।

कार्यक्रम की अध्यक्षता केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल ने की। इस दौरान उप मुख्यमंत्री साव ने ‘क्षमता विकास’ विषयक सत्र की अध्यक्षता की और कहा शहरी व्यवस्थाओं में सुधार और नवाचार के लिए नगरीय निकायों के अधिकारियों-कर्मचारियों का नियमित क्षमता विकास अत्यंत जरूरी है।”

उन्होंने स्थानीय निकायों में ‘फर्स्ट टू लास्ट माइल’ तक की प्रशासनिक टीम को प्रशिक्षित करने, बेस्ट प्रैक्टिसेस को अपनाने और नियमित प्रशिक्षण सत्र आयोजित करने की जरूरत बताई।

उप मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ में स्वच्छता कार्यों पर आधारित कॉफी टेबल बुक केंद्रीय मंत्री को भेंट की और राज्य की ओर से नगरीय प्रबंधन में समयबद्ध कार्यों की प्रतिबद्धता दोहराई।

कॉनक्लेव में सर्कुलर इकोनॉमी, शहरी शासन, आजीविका, हाउसिंग इको-सिस्टम, निर्माण अपशिष्ट प्रबंधन और क्षमता निर्माण जैसे विषयों पर मंथन हुआ।

इस अवसर पर डंपसाइट रीमेडिएशन एक्सेलरेटर प्रोग्राम, स्वच्छ भारत मिशन ज्ञान प्रबंधन इकाई और अर्बन इन्वेस्ट विंडो (UWIN) का शुभारंभ किया गया। साथ ही “जल ही जननी” गीत के माध्यम से जल संरक्षण पर जनजागरूकता अभियान की शुरुआत भी हुई।

कार्यक्रम में विभागीय सचिव डॉ. बसवराजु एस., संचालक रिमिजियुस एक्का, दुर्ग महापौर अल्का बाघमार, जगदलपुर महापौर संजय पाण्डेय, तथा अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।