CG News -छत्तीसगढ़ के कबीरधाम (कवर्धा) जिले में प्रदेश के उप मुख्यमंत्री (डिप्टी सीएम) विजय शर्मा की फोटो पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर आपत्तिजनक, अभद्र और अश्लील कमेंट करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है.

कबीरधाम पुलिस ने साइबर सेल की मदद से तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है.

​पकड़े गए आरोपियों के नाम वरुण राजपूत और जित्तू चंद्रवंशी हैं.पुलिस अधीक्षक (SP) डॉ. जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देश पर साइबर थाना कबीरधाम द्वारा दो अलग-अलग मामलों में निष्पक्ष कार्रवाई की गई.

एसडीओपी (SDOP) अखिलेश कौशिक और साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार शंकर राठौर के नेतृत्व में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई थी:

​शिवाजी कॉलोनी कवर्धा निवासी प्रार्थी राकेश साहू ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके मित्र नरेश निर्मलकर ने अपने फेसबुक अकाउंट पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा की फोटो अपलोड की थी. इस फोटो पर आरोपी वरुण राजपूत द्वारा बेहद आपत्तिजनक, अभद्र और गाली-गलौज भरे कमेंट्स किए गए थे.

घोठिया रोड कवर्धा निवासी प्रार्थी योगेश महाजन ने शिकायत दर्ज कराई कि आरोपी जित्तू चंद्रवंशी ने उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा की फोटो को अपनी फेसबुक स्टोरी में लगाकर अभद्र, अश्लील और अमर्यादित टिप्पणियां पोस्ट की थीं.

​दोनों ही शिकायतों के साथ संलग्न डिजिटल साक्ष्यों और स्क्रीनशॉट के आधार पर साइबर थाना कबीरधाम में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296 तथा सूचना प्रौद्योगिकी (IT) अधिनियम की धारा 67 के तहत पृथक-पृथक अपराध दर्ज कर आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा गया.

​कबीरधाम पुलिस ने नागरिकों और युवाओं से सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने की सख्त अपील की है।किसी भी जनप्रतिनिधि, संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति या सामान्य नागरिक के संबंध में सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक, भड़काऊ, अश्लील या अपमानजनक सामग्री पोस्ट/कमेंट न करें.