दिल्ली।बैंक कर्मियों की यूनियन ने 28 से 30 सितंबर तक तीन दिन की देशव्यापी हड़ताल का ऐलान किया है। इस हड़ताल के चलते ग्राहकों को होने वाली असुविधा को कम करने के लिए वित्त मंत्रालय ने एक अहम फैसला लिया है।

इसके तहत रविवार, 27 सितंबर को सार्वजनिक क्षेत्र के सभी बैंक और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक खुले रहेंगे।

वित्त मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि 26 और 27 सितंबर को शनिवार-रविवार की सामान्य छुट्टी थी, लेकिन इसके तुरंत बाद 28 से 30 सितंबर तक तीन दिन की हड़ताल होने से बैंकिंग सेवाएं लगातार प्रभावित होने की आशंका थी।

जरूरी बैंकिंग कामकाज लंबे समय तक बाधित न हों, इसी वजह से रविवार को बैंक खुले रखने का निर्णय लिया गया है।

भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने भी इस दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए सभी बैंक शाखाओं, कार्यालयों, एटीएम से जुड़ी शाखाओं और करेंसी चेस्ट को रविवार के दिन चालू रखने की मंजूरी दे दी है।

इससे ग्राहक जरूरी लेन-देन, नकदी निकासी और अन्य बैंकिंग सेवाओं का लाभ बिना किसी रुकावट के उठा सकेंगे।

गौरतलब है कि यह हड़ताल यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के आह्वान पर की जा रही है। तीन दिन की इस हड़ताल का बैंकिंग सेवाओं पर असर पड़ना तय है, ऐसे में रविवार को बैंकों के खुले रहने से ग्राहकों को अपने जरूरी काम निपटाने का एक और मौका मिल जाएगा।