बिलासपुर… गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन के दौरान शहर में उमड़ने वाली भीड़ के बीच यातायात व्यवस्था संभालने के लिए पुलिस ने रूट प्लान जारी किया है। पचरी घाट और छठ घाट सरकंडा को विसर्जन स्थल बनाया गया है। दोनों तरफ जाने वाली शोभायात्राओं और जुलूसों के लिए अलग-अलग मार्ग तय किए गए हैं, जबकि कई प्रमुख सड़कों पर वाहन प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा और कनेक्टिंग मार्गों को परिवर्तित किया जाएगा। ऐसे में विसर्जन के दौरान शहर में निकलने वालों के लिए पहले से रूट जानना जरूरी होगा।

पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश और मार्गदर्शन में यातायात पुलिस ने विसर्जन के लिए विस्तृत व्यवस्था तैयार की है। पुलिस ने गणेश उत्सव समितियों के पदाधिकारियों और सदस्यों के साथ बैठक कर जुलूस, शोभायात्रा और झांकियों के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने पर चर्चा की। समितियों से पर्याप्त संख्या में स्वयंसेवक रखने को भी कहा गया है।

यातायात पुलिस के मुताबिक सरकंडा, मोपका और आसपास के इलाकों से निकलने वाली गणेश प्रतिमाओं की शोभायात्रा छठ घाट की ओर जाएगी। वहीं कोतवाली, सिविल लाइन, तोरवा, तिफरा और शहर के अन्य हिस्सों से आने वाली प्रतिमाओं के लिए पचरी घाट निर्धारित किया गया है।

शोभायात्रा, झांकी और जुलूस के प्रमुख मार्गों में देवकीनंदन चौक, राघवेंद्र तिराहा, सिम्स चौक, कोरोना चौक, मिशन चौक, अमरनाथ गोल बाजार चौक, कोतवाली चौक, जवाली नाला चौक, हटरी चौक, पचरी घाट और गांधी चौक शामिल हैं। इन मार्गों पर यातायात और पुलिस बल तैनात रहेगा। जुलूस के दौरान इन मार्गों से जुड़ने वाले दूसरे रास्तों पर भी जरूरत के मुताबिक यातायात बदला जाएगा।

पचरी घाट की ओर जाने वाले मार्गों में पेट्रोल पंप क्षेत्र, सिम्स चौक के कनेक्टिंग मार्ग, लखीराम ऑडिटोरियम मार्ग, मिशन चौक, कोरोना चौक, काली मंदिर खापरगंज, तेलीपारा रोड, लालबहादुर शास्त्री बाल्मीकि चौक, जवाली पुल चौक, लाइफ केयर हॉस्पिटल मार्ग, गांधी चौक और जूना बिलासपुर समेत कई स्थानों पर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित या मार्ग परिवर्तित किया जाएगा।

इसी तरह छठ घाट क्षेत्र में प्रतिमा विसर्जन के दौरान महमंद मोड़, पावर हाउस चौक, मोपका तिराहा, बसंत चौक, राजकिशोर नगर तिराहा, शनि मंदिर और छठ घाट तिराहा समेत आसपास के मार्गों पर यातायात बदला जाएगा। जरूरत पड़ने पर इन रास्तों पर वाहनों का प्रवेश भी रोका जा सकता है।

एसएसपी रजनेश सिंह ने यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस अधिकारियों को आवश्यक तैयारी रखने और भीड़ के दबाव के अनुसार मौके पर व्यवस्था संभालने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि गणेश विसर्जन श्रद्धा और उत्सव का अवसर है, इसलिए श्रद्धालुओं को असुविधा न हो और शहर का आवागमन भी व्यवस्थित बना रहे, इसका ध्यान रखा जाए।

उन्होंने नागरिकों से भी अपील की है कि विसर्जन के दौरान अनावश्यक रूप से जुलूस वाले मार्गों पर वाहन लेकर न जाएं। शहर में आवागमन का दबाव बढ़ने की संभावना को देखते हुए छोटे वाहनों और सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करें। गणेश उत्सव समितियां अपने स्वयंसेवकों के माध्यम से भीड़ को व्यवस्थित रखने में यातायात पुलिस का सहयोग करें।

यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि भीड़ और मौके की स्थिति के अनुसार किसी मार्ग पर अतिरिक्त बदलाव या वाहनों के प्रवेश पर अस्थायी रोक भी लगाई जा सकती है।