बिलासपुर…जिला शिक्षा विभाग में लंबे समय से चल रहे विवादों और चर्चाओं के बीच गुरुवार को नए जिला शिक्षा अधिकारी रामेश्वर जायसवाल ने पदभार ग्रहण कर लिया। शासन द्वारा विजय टांडे के स्थानांतरण के बाद उन्हें बिलासपुर की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

पदभार ग्रहण करने से पहले रामेश्वर जायसवाल ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर अधिकारियों से मुलाकात की और अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। इसके बाद शाम करीब चार बजे जिला शिक्षा कार्यालय पहुंचकर उन्होंने औपचारिक रूप से जिला शिक्षा अधिकारी का कार्यभार संभाला।

कार्यालय पहुंचने पर विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनका स्वागत किया। इस दौरान जिला शिक्षा कार्यालय में दिनभर हलचल और गतिविधियां देखने को मिलीं। दूसरी ओर स्थानांतरित जिला शिक्षा अधिकारी विजय टांडे भी शाम तक कार्यालय में मौजूद रहे और लंबित प्रशासनिक कार्यों के निपटारे के बाद कार्यभार हस्तांतरित कर रवाना हुए।

नए जिला शिक्षा अधिकारी के स्वागत के लिए शिक्षक नेता संजय शर्मा की अगुवाई में प्राचार्य, शिक्षक और शिक्षा विभाग से जुड़े कई कर्मचारी जिला शिक्षा कार्यालय पहुंचे। सभी ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए जिले की शिक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाने की उम्मीद जताई।

इस अवसर पर संजय शर्मा ने कहा कि रामेश्वर जायसवाल को शिक्षा प्रशासन का लंबा अनुभव है और उनके नेतृत्व में शिक्षा विभाग को इसका लाभ मिलेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि जिले में शैक्षणिक गुणवत्ता, प्रशासनिक अनुशासन और कार्यसंस्कृति को और मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, जवाबदेही और बेहतर समन्वय की आवश्यकता है, जिस दिशा में नए जिला शिक्षा अधिकारी से सकारात्मक पहल की अपेक्षा है।

शिक्षकों और प्राचार्यों ने भी विश्वास जताया कि नए नेतृत्व में विभागीय कार्यों में गति आएगी तथा स्कूलों से जुड़े लंबित मुद्दों के समाधान की दिशा में प्रभावी पहल देखने को मिलेगी।

जिले के शिक्षा महकमे में नेतृत्व परिवर्तन को प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अब निगाहें इस बात पर रहेंगी कि नए जिला शिक्षा अधिकारी जिले की शैक्षणिक चुनौतियों और विभागीय व्यवस्थाओं को किस तरह दिशा देते हैं।