बिलासपुर…सकरी थाना क्षेत्र के सागरदीप कॉलोनी उसलापुर में घर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवर और नकदी चोरी करने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब छह लाख रुपये के सोने के जेवर और नकदी बरामद की गई है। चोरी में इस्तेमाल बुलेट भी पुलिस ने जब्त कर ली है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार सागरदीप कॉलोनी निवासी वृंदावती मिश्रा तीजा के दौरान अपने पैतृक गांव रीवा गई थीं। इसी दौरान उनके नाती ने फोन कर घर के अंदर कमरे में रखी अलमारी और लॉकर का ताला टूटा होने की जानकारी दी। सूचना मिलने के बाद वह रीवा से वापस उसलापुर पहुंचीं और घर की जांच की तो अलमारी से सोने का हार, झुमका, माथ टीका, तीन अंगूठियां तथा चांदी की पायल, पायजेब और बिछिया समेत 12 हजार रुपये नकद गायब मिले। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 6.15 लाख रुपये बताई गई।

रिपोर्ट दर्ज होने के बाद सकरी पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज कुमार पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक सिविल लाइन परमेश्वर तिलकवार के मार्गदर्शन में थाना स्तर पर टीम गठित की गई। जांच के दौरान पुलिस ने आशीष मिश्रा, सूरज सिंह ठाकुर उर्फ मोना और अनुराग चौधरी उर्फ लालू से पूछताछ की। शुरुआत में तीनों पुलिस को गुमराह करते रहे, लेकिन सख्ती से पूछताछ में चोरी की घटना स्वीकार करने की बात सामने आई।

पुलिस ने आरोपियों के बताए स्थान से सोने का हार, अंगूठी, झुमका और नकदी समेत करीब छह लाख रुपये का सामान बरामद किया। इसके साथ ही घटना में इस्तेमाल बुलेट सीजी 10 AJ  5100 भी जब्त की गई। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

गिरफ्तार आरोपियों में सूरज सिंह ठाकुर उर्फ मोना, निवासी खोजी थाना सिविल लाइन, आशीष मिश्रा, निवासी सागरदीप कॉलोनी उसलापुर और अनुराग चौधरी उर्फ लालू, निवासी उसलापुर शामिल हैं।

कार्रवाई में निरीक्षक संजय सिंदे, उप निरीक्षक गणेश राम महिलांगे, प्रधान आरक्षक टीकाराम निषाद, सहायक उप निरीक्षक सुरेंद्र तिवारी, आरक्षक रामचंद कश्यप, पवन बंजारे, सुनील सूर्यवंशी और रूपेश कौशिक की भूमिका रही।