बिलासपुर…प्रदेशभर के स्कूली खिलाड़ियों के लिए बिलासपुर में 7 अक्टूबर से खेलों का बड़ा मंच सजने जा रहा है। 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता में अलग-अलग जिलों से पहुंचे खिलाड़ी तीरंदाजी, हॉकी और कबड्डी में अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगे। चार दिन चलने वाली यह प्रतियोगिता 10 अक्टूबर तक चलेगी।

प्रतियोगिता का शुभारंभ 7 अक्टूबर को सुबह 10.30 बजे बहतराई स्थित स्व. बी.आर. यादव राज्य प्रशिक्षण केंद्र में होगा। उप मुख्यमंत्री अरुण साव प्रतियोगिता का शुभारंभ करेंगे। आयोजन में जिले के जनप्रतिनिधियों के साथ खेल और शिक्षा से जुड़े अधिकारी भी मौजूद रहेंगे।

प्रतियोगिता में तीरंदाजी के मुकाबले 14, 17 और 19 वर्ष आयु वर्ग के बालक-बालिकाओं के बीच होंगे। हॉकी में 19 वर्ष आयु वर्ग के बालक-बालिकाएं मैदान में उतरेंगे, जबकि कबड्डी में 19 वर्ष आयु वर्ग के बालक अपना दमखम दिखाएंगे। प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचने वाले खिलाड़ियों के बीच होने वाले मुकाबलों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों की प्रतिभा पर भी नजर रहेगी।

उद्घाटन समारोह में बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल, बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक, तखतपुर विधायक धर्मजीत सिंह, बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला, मस्तूरी विधायक दिलीप लहरिया, कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव, छत्तीसगढ़ पाठ्य पुस्तक निगम के अध्यक्ष राजा पाण्डेय, क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी, महापौर पूजा विधानी और जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी सहित जनप्रतिनिधि शामिल होंगे। दीपक सिंह ठाकुर, मोहित जायसवाल समेत अन्य जनप्रतिनिधियों की भी मौजूदगी रहेगी।

चार दिन तक चलने वाली प्रतियोगिता में स्कूली खिलाड़ियों के बीच खेल प्रतिभा, अनुशासन और प्रतिस्पर्धा का संगम देखने को मिलेगा। बिलासपुर को इस राज्य स्तरीय आयोजन की मेजबानी मिलने से शहर में प्रदेशभर से आने वाले खिलाड़ियों और खेल दलों की मौजूदगी रहेगी।