बिलासपुर…सरकंडा थाना क्षेत्र में सूने मकान से सोने की चेन चोरी करने के मामले में पुलिस ने पड़ोस में रहने वाली आरोपी महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से करीब 38 हजार रुपये कीमत की चोरी गई सोने की चेन बरामद कर ली है। आरोपी महिला को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया।

पुलिस के अनुसार, विजयापुरम कॉलोनी निवासी चंचल संतवानी ने थाना सरकंडा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी मां अयोध्या यात्रा पर जाने से पहले घर के कीमती जेवर लॉकर में रखकर चाबी अलमारी में कपड़ों के नीचे छिपाकर गई थीं। 29 सितंबर को अलमारी की जांच करने पर जेवर का बॉक्स खाली मिला। अज्ञात चोर घर का ताला और अलमारी का लॉकर खोलकर सोने की चेन चोरी कर ले गया था। पुलिस ने धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक सरकंडा तिलेश्वर प्रसाद यादव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी प्रदीप आर्य के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और आसपास के लोगों से पूछताछ की।

विवेचना के दौरान पड़ोस में रहने वाली कामनी बरानी पति रवि बरानी  संदिग्ध पाई गई। महिला अधिकारी की मौजूदगी में हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर उसने चोरी करना स्वीकार किया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि पड़ोस में रहने के कारण उसे घर की चाबी छिपाने की जगह और मकान के सूने रहने की जानकारी थी। इसी का फायदा उठाकर उसने घर में प्रवेश किया और सोने की चेन चोरी कर ली। आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर पुलिस ने चोरी गई सोने की चेन, जिसकी कीमत करीब 38 हजार रुपये है, विधिवत बरामद कर ली।

पुलिस ने आरोपी कामनी बरानी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया।