बिलासपुर… श्मशान घाट में तंत्र-मंत्र करने के संदेह ने मारपीट का रूप ले लिया। कोनी थाना क्षेत्र के देवनगर में एक युवक को कुछ लोगों ने संदिग्ध गतिविधियों में शामिल होने की आशंका पर घेर लिया और उसके साथ मारपीट कर दी। घटना में घायल युवक को पुलिस ने उपचार के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया है। मामले में तीन लोगों की संलिप्तता सामने आने के बाद पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, युवक अपने एक परिचित के साथ घर के समीप स्थित श्मशान घाट गया था। इसी दौरान वहां मौजूद कुछ लोगों को उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगीं। उसे तंत्र-मंत्र करने का संदेह हुआ और इसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। हमले में युवक घायल हो गया। घटना की सूचना मिलने पर कोनी पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए सिम्स भेजा।

पुलिस की जांच में उमेश सिंह ठाकुर, पिता बलवंत सिंह ठाकुर, राजा यादव , पिता विजय यादव और नितेश यादव, पिता स्व. देवकुमार यादव की संलिप्तता सामने आई है। तीनों दैहानपारा छोटी कोनी के निवासी हैं।

कोनी पुलिस ने मामले में  भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 115(2), 351(3) और 3(5) में अपराध पंजीबद्ध किया है। फिलहाल मामले की विवेचना जारी है। पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।