School Holiday।बीजापुर। जिले में लगातार हो रही भारी बारिश और इसके चलते विद्यार्थियों को स्कूल पहुंचने में हो रही परेशानी को देखते हुए जिला प्रशासन ने जिले के सभी शासकीय और अशासकीय स्कूलों में एक दिन का अवकाश घोषित किया है। जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय, बीजापुर की ओर से 24 सितंबर 2026 को इस संबंध में आदेश जारी किया गया है।

जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि जिले में लगातार भारी बारिश होने के कारण छात्र-छात्राओं को स्कूल पहुंचने में परेशानी हो रही है।

इसे देखते हुए छात्रहित में जिले के समस्त शैक्षणिक शासकीय एवं अशासकीय प्राथमिक, माध्यमिक विद्यालयों के साथ-साथ हाई स्कूल और हायर सेकेंडरी स्कूलों में एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है।

आदेश के अनुसार, 25 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाली माध्यमिक वर्ग की त्रैमासिक परीक्षा अब 28 सितंबर 2026 को पूर्व निर्धारित समय के अनुसार आयोजित की जाएगी। वहीं, 25 सितंबर को प्रस्तावित हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी स्तर की त्रैमासिक परीक्षा अब 1 अक्टूबर 2026 को आयोजित होगी।

जिला शिक्षा अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा। आदेश की प्रतिलिपि स्कूल शिक्षा विभाग, लोक शिक्षण संचालनालय, मिशन संचालक समग्र शिक्षा, कलेक्टर एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सहित संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई है।

साथ ही सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारियों, प्राचार्यों और संबंधित शासकीय-अशासकीय स्कूलों को आदेश की जानकारी देते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

 

View this post on Instagram