बिलासपुर…दिवाली मनाने परिवार के साथ गांव गए एक व्यक्ति के सूने मकान को चोर ने निशाना बना लिया। अलमारी और लॉकर तोड़कर आर्टिफिशियल ज्वेलरी और नकदी समेत करीब 22 हजार रुपये का सामान पार कर दिया। मामले में मोपका पुलिस ने आरोपी मोहित ध्रुव उर्फ भूत को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार रामकृष्ण नगर मोपका निवासी हरिशंकर कश्यप 7 नवंबर को परिवार के साथ दिवाली मनाने अपने गृहग्राम झाझपुरी, लोरमी गए थे। अगले दिन पड़ोसी ने फोन कर घर में चोरी होने की सूचना दी। वापस लौटने पर उन्होंने देखा कि कमरे का सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी व लॉकर टूटे हुए थे। जांच करने पर आर्टिफिशियल ज्वेलरी और 17 हजार रुपये नकद गायब मिले। कुल चोरी की रकम करीब 22 हजार रुपये बताई गई। शिकायत पर चौकी मोपका में अपराध क्रमांक 1635/2026 के तहत मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस ने चोर की तलाश शुरू की। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर मोहित ध्रुव उर्फ भूत को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने चोरी करना स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर चोरी की आर्टिफिशियल ज्वेलरी और दो हजार रुपये नकद बरामद कर जब्त किए गए।

पूछताछ में आरोपी ने शेष 15 हजार रुपये खाने-पीने और दिवाली में पटाखे फोड़ने में खर्च करना बताया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। कार्रवाई में चौकी मोपका के पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।