बिलासपुर… जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की उलटी गिनती शुरू हो गई है। 15 नवंबर से जिले के 154 उपार्जन केंद्रों में खरीदी शुरू होगी। इस बार 14 नए केंद्र बढ़ाए गए हैं। खरीदी के लिए टोकन जारी करने की प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है। पहले ही दिन 17 केंद्रों से 24 टोकन जारी किए गए हैं। इनके जरिए खरीदी के पहले दिन 125.04 मीट्रिक टन धान आने की संभावना है।

टोकन व्यवस्था के पहले दिन जारी 24 टोकनों में 22 किसानों ने ऑनलाइन ऐप के जरिए पंजीयन कराया, जबकि दो टोकन समितियों से जारी हुए। ऐप से जारी टोकनों के माध्यम से 117.08 मीट्रिक टन और समिति स्तर से 7.96 मीट्रिक टन धान बेचने के लिए पंजीयन हुआ है। केंद्रवार स्थिति में नगोई सबसे आगे रहा, जहां चार टोकन जारी किए गए। गनियारी, पौड़ी (घुटकू), बेलपान और हरदी में दो-दो टोकन जारी हुए। वहीं केंदा, घुटकू, जयरामनगर, जलसो, टिकारी, कन्दन, धुवाकारी, पोड़ी, पौंसरी, बीजा, मोहड़ और सरकंडा में एक-एक टोकन जारी किया गया।

इस साल किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ अधिकतम 21 क्विंटल धान खरीदा जाएगा। खरीदी की तैयारियों को लेकर कलेक्टर संजय अग्रवाल ने अधिकारियों को सभी केंद्रों में जरूरी व्यवस्थाएं समय से पहले पूरी करने के निर्देश दिए हैं। उनका कहना है कि खरीदी का लाभ वास्तविक किसानों तक पहुंचे और कोचियों तथा बिचौलियों की गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखी जाए।

प्रशासन ने प्रत्येक खरीदी केंद्र के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किए हैं। उन्हें 15 नवंबर से पहले केंद्रों का निरीक्षण कर शासन की चेकलिस्ट के 36 बिंदुओं के आधार पर रिपोर्ट सौंपनी होगी। केंद्रों में बारदाने पहुंच चुके हैं। इनमें आधे नए और आधे पुराने हैं। बारिश की आशंका को देखते हुए धान को सुरक्षित रखने के लिए तिरपाल की पर्याप्त व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए हैं। किसानों के बैठने, पेयजल और शौचालय की सुविधा सुनिश्चित करने को कहा गया है।

टोकन व्यवस्था में 70 प्रतिशत टोकन ‘तुहर टोकन’ ऐप और 30 प्रतिशत टोकन समिति स्तर से जारी किए जाएंगे। छोटे किसानों को खरीदी में पहली प्राथमिकता मिलेगी। पिछले साल धान बेचने वाले लेकिन इस बार पंजीयन से छूटे किसानों का पंजीयन कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।

दूसरे राज्यों से धान की आवक रोकने के लिए मंडी और वन विभाग के बैरियर सक्रिय किए गए हैं। यहां वाहनों की जांच की जा रही है। प्रशासन ने किसानों से अपनी ऋण पुस्तिका किसी दूसरे व्यक्ति को नहीं देने की अपील की है, ताकि उसका दुरुपयोग न हो।