बिलासपुर… चोरी के लिए अब चोर धार्मिक स्थलों को भी निशाना बनाने से नहीं चूक रहे हैं। तोरवा थाना क्षेत्र के देवरीडीह स्थित हनुमान मंदिर से भगवान के चांदी के मुकुट की चोरी के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटना के 48 घंटे के भीतर पुलिस ने न केवल चोरी की गुत्थी सुलझाई, बल्कि चोरी गया करीब 15 हजार रुपये कीमत का चांदी का मुकुट भी शत-प्रतिशत बरामद कर लिया।

पुलिस के अनुसार देवरीडीह के बुढ़ादेव नगर निवासी अविनाश वर्मा ने 8 नवंबर को तोरवा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि मोहल्ले के हनुमान मंदिर में 7 और 8 नवंबर की दरमियानी रात अज्ञात चोर भगवान का चांदी का मुकुट चुराकर ले गए हैं। शिकायत पर पुलिस ने धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और चोरी की संपत्ति बरामद करने के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक गगन कुमार के मार्गदर्शन में तोरवा पुलिस ने संदिग्धों की तलाश शुरू की। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने शेखर ध्रुव और जगेश्वर उर्फ जग्गू प्रधान, दोनों निवासी देवरीडीह बुढ़ादेव नगर, को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में दोनों ने मंदिर से मुकुट चोरी करना स्वीकार कर लिया। उनके कब्जे से चोरी गया चांदी का मुकुट बरामद कर जब्त किया गया।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को 10 नवंबर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विवेक कुमार पांडेय के मार्गदर्शन में प्रधान आरक्षक परवेश निसार तथा आरक्षक सरफराज खान और अजय शर्मा की विशेष भूमिका रही।