बिलासपुर…लोक आस्था और सूर्य उपासना के महापर्व छठ को लेकर अरपा तट स्थित छठ घाट पर तैयारियां तेज हो गई हैं।13 से 16 नवंबर तक आयोजित होने वाले पर्व में बिलासपुर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन, पुलिस, नगर निगम और आयोजन समिति ने व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। इसी सिलसिले में कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह ने छठ घाट पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया और आयोजन समिति के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं पर चर्चा की।

अरपा तट का छठ घाट हर साल हजारों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र बनता है। यहां व्रती सूर्य उपासना, स्नान और भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने पहुंचते हैं। श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए कलेक्टर ने घाट की साफ-सफाई, पर्याप्त रोशनी, पेयजल, स्वच्छ शौचालय और सुरक्षित आवागमन की व्यवस्था समय से पहले पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की सुविधाओं को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।

कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कहा कि छठ पर्व प्रकृति के प्रति कृतज्ञता, स्वच्छता और अनुशासन का प्रतीक है। श्रद्धालु पूरी आस्था और विश्वास के साथ घाट पहुंचते हैं। ऐसे में उनकी सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने नदी में उतरने वाले स्थानों को सुरक्षित बनाने, गहरे पानी वाले हिस्सों में अवरोध लगाने और स्पष्ट संकेतक लगाने के निर्देश दिए। घाट पर प्राथमिक उपचार और आपात सहायता की व्यवस्था रखने के साथ आयोजन समिति के स्वयंसेवकों और संबंधित विभागों के बीच बेहतर तालमेल बनाने को भी कहा।

एसएसपी रजनेश सिंह ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि घाट तक पहुंचने वाले रास्तों, प्रवेश और निकास स्थलों तथा भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। पार्किंग और यातायात की ऐसी व्यवस्था होनी चाहिए, जिससे श्रद्धालुओं को परेशानी न हो और आपातकालीन वाहनों के लिए रास्ता खुला रहे। उन्होंने श्रद्धालुओं से निर्धारित मार्गों और पार्किंग स्थलों का उपयोग करने तथा पुलिस और स्वयंसेवकों के निर्देशों का पालन करने की अपील की।

आयोजन समिति के अध्यक्ष प्रवीण झा ने कहा कि अरपा तट का छठ महोत्सव धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक सहभागिता का भी महत्वपूर्ण आयोजन है। समिति का प्रयास है कि प्रत्येक श्रद्धालु को सुविधाजनक वातावरण में पूजा-अर्चना का अवसर मिले। प्रशासन और नगर निगम के सहयोग से तैयारियां की जा रही हैं। समिति के स्वयंसेवक भी घाट पर श्रद्धालुओं के मार्गदर्शन और सहायता के लिए तैनात रहेंगे। उन्होंने लोगों से घाट और नदी की स्वच्छता बनाए रखने की अपील की।

निरीक्षण और बैठक में एडीएम शिवकुमार बनर्जी सहित पुलिस, प्रशासन और नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। आयोजन समिति की ओर से धर्मेंद्र दास, विनोद सिंह, धनंजय झा, सुधीर झा, रोशन सिंह, रामप्रताप सिंह, एसके सिंह, अर्जुन सिंह, प्रशांत सिंह, कुमुद रंजन सिंह, हरिशंकर कुशवाहा, अनमोल झा, प्रमोद सिंह और चंदन सिंह सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।