बिलासपुर…शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्र तक सड़कों पर चाकू लहराकर राहगीरों को डराने-धमकाने की घटनाओं पर पुलिस ने कार्रवाई की है। रतनपुर और सिविल लाइन थाना क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर चाकू लेकर लोगों में दहशत फैलाने वाले तीन युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से धारदार चाकू बरामद किए गए हैं। तीनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

रतनपुर थाना क्षेत्र के कलमीटार रोड पर शराब भट्ठी के पास एक युवक हाथ में धारदार चाकू लेकर आने-जाने वालों को डरा-धमका रहा था। 9 नवंबर को इसकी सूचना मिलने पर थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय ने पुलिस टीम को मौके पर रवाना किया। पुलिस ने घेराबंदी कर आकाश यादव उर्फ बुगलू , निवासी जलसो, थाना कोनी को चाकू के साथ पकड़ लिया। उसके कब्जे से धारदार चाकू जब्त कर आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। कार्रवाई में प्रधान आरक्षक कौशल राम खुटे, आरक्षक आकाश डोंगरे और देवानंद चंद्राकर की भूमिका रही।

इधर, सिविल लाइन थाना क्षेत्र में भी दो अलग-अलग स्थानों पर चाकू लेकर राहगीरों को डराने-धमकाने की सूचना मिली। पुलिस के मुताबिक 10 नवंबर को कुदुदंड माता चौरा के पास नीरज यादव और मगरपारा चौक के पास सूरज पटेल हाथों में धारदार चाकू लेकर आने-जाने वालों को भयभीत कर रहे थे। सूचना पर पुलिस ने तत्काल अलग-अलग टीमें भेजीं। कुदुदंड से नीरज यादव को स्टील के चाकू और मगरपारा से सूरज पटेल को धारदार लोहे के चाकू के साथ पकड़ा गया।

दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत अलग-अलग अपराध दर्ज किए गए। पुलिस ने चाकू जब्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया और न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

दीपावली के मद्देनजर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने थाना क्षेत्रों में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार गश्त और पैदल पेट्रोलिंग के निर्देश दिए हैं। पुलिस का कहना है कि इसी क्रम में संवेदनशील स्थानों पर निगरानी और कार्रवाई जारी है।

कार्रवाई में शामिल पुलिस अधिकारी-कर्मचारी: रतनपुर में थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम तथा सिविल लाइन में थाना पुलिस की अलग-अलग टीमों की भूमिका रही।