Cg news।छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में स्कूल संचालन से जुड़ी कथित अनियमितताओं का मामला अब आरोप-प्रत्यारोप तक पहुंच गया है। मंगला बस्ती स्थित जागृति हायर सेकेंडरी स्कूल के खिलाफ की गई शिकायत की जांच में कई गंभीर खामियां सामने आई हैं।

जांच कमेटी ने नियमों के उल्लंघन से जुड़ी शिकायतों को सही पाया है और दोनों संबंधित स्कूलों के खिलाफ कार्रवाई की अनुशंसा की है।

इसी बीच स्कूल संचालक ने शिकायतकर्ता पर ही मामले को दबाने के एवज में 10 लाख रुपये मांगने का आरोप लगाया है। शिकायतकर्ता ने इस आरोप को चुनौती देते हुए प्रमाण पेश करने की मांग की है।

खमतराई निवासी संदीप सिंह ठाकुर ने 24 अक्टूबर को मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराई थी।

शिकायत में आरोप लगाया गया था कि मंगला स्थित जागृति हायर सेकेंडरी स्कूल में निर्धारित नियमों का पालन नहीं किया जा रहा है। स्कूल भवन के तीसरे तल का निर्माण अवैध तरीके से किए जाने के साथ खेल मैदान, पार्किंग और साफ-सफाई जैसी बुनियादी सुविधाओं की कमी का भी मुद्दा उठाया गया था।

शिकायत के आधार पर बिल्हा विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) द्वारा गठित जांच कमेटी ने स्कूल परिसर का निरीक्षण किया।

जांच में एक ही परिसर में जागृति हायर सेकेंडरी स्कूल और रामनाथ हायर सेकेंडरी स्कूल संचालित होने की बात सामने आई। जांच टीम के अनुसार, दोनों स्कूलों के विद्यार्थी एक ही कमरे में एक साथ पढ़ते मिले। उनकी पहचान आईडी कार्ड और स्कूल ड्रेस के आधार पर की गई।

जांच में अशासकीय फीस कमेटी अधिनियम 2020 के पालन में भी खामियां पाई गईं।

रिपोर्ट के मुताबिक, स्कूल में फीस कमेटी गठित नहीं की गई थी और प्रबंधन कैशबुक तथा लेजर जैसे वित्तीय रिकॉर्ड भी प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके अलावा, शिक्षा के अधिकार (RTE) अधिनियम के तहत 25 प्रतिशत गरीब बच्चों को प्रवेश देने और ड्रेस राशि के भुगतान से संबंधित रिकॉर्ड भी जांच के दौरान उपलब्ध नहीं कराया गया।

जांच रिपोर्ट तैयार करने के बाद बीईओ भूपेंद्र कौशिक ने दोनों स्कूलों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की अनुशंसा करते हुए प्रकरण जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) को भेज दिया है। रिपोर्ट पोर्टल पर अपलोड किए जाने की भी जानकारी दी गई है।

जांच में अनियमितताओं के सामने आने के बीच स्कूल संचालक किरीत कुमार पटेल ने शिकायतकर्ता संदीप सिंह ठाकुर के खिलाफ लिखित शिकायत देकर नया आरोप लगाया है।

संचालक का दावा है कि संदीप ठाकुर ने मामले को दबाने के बदले उनसे 10 लाख रुपये की मांग की थी। उनका कहना है कि वे शुरुआत में 10 हजार रुपये तक देने को तैयार थे, लेकिन इतनी बड़ी रकम देने से इनकार करने के बाद उनके स्कूल के खिलाफ मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराई गई।

संचालक ने शिकायतकर्ता के खमतराई में रहने और स्कूल से जुड़े मामलों में उनकी भूमिका पर भी सवाल उठाए हैं। हालांकि, 10 लाख रुपये की कथित मांग के आरोप की स्वतंत्र पुष्टि या उसके समर्थन में किसी प्रमाण की जानकारी सामने नहीं आई है।

शिकायतकर्ता की चुनौती- आरोप साबित करें संचालक

अपने ऊपर लगे आरोपों को खारिज करते हुए शिकायतकर्ता संदीप सिंह ठाकुर ने कहा है कि यदि उन्होंने स्कूल संचालक से एक भी रुपया मांगा है, तो संचालक इसके पुख्ता प्रमाण सार्वजनिक करें। उनका कहना है कि यदि वास्तव में उनसे पैसों की मांग की गई थी, तो संचालक को तत्काल पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करानी चाहिए थी।