बिलासपुर..नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रतनपुर पुलिस ने एक ही दिन में तीन अलग-अलग कार्रवाई करते हुए गांजा और अवैध शराब के कारोबार से जुड़े तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई में एक महिला समेत तीन आरोपियों के कब्जे से गांजा, देशी शराब, महुआ शराब और बिक्री की नकदी बरामद की गई है।

पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम बिरगहनी निवासी जयराम गंधर्व अपने घर में कच्ची महुआ शराब का भंडारण कर बिक्री कर रहा है। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने उसके घर से 12 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की। वहीं ग्राम लखराम में दबिश देकर देवकुमार उर्फ देवा भारद्वाज के कब्जे से 100 पाव देशी प्लेन शराब, कुल 18 लीटर देशी शराब तथा 2 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की गई।

इसी दौरान ग्राम कलमीटार में दुर्गा मंदिर के पास एक महिला द्वारा गांजा बिक्री किए जाने की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर गीता बाई बंजारे को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 310 ग्राम गांजा और बिक्री से प्राप्त 270 रुपये नकद बरामद किए गए। जब्त गांजा की कीमत लगभग 15 हजार रुपये आंकी गई है।

तीनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम और नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) एक्ट के तहत कार्रवाई कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

रतनपुर पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबारियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और अवैध शराब तथा मादक पदार्थों की बिक्री में लिप्त लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।