बिलासपुर..अवैध शराब के कारोबार पर कार्रवाई करते हुए रतनपुर पुलिस ने एक युवक को 40 पाव देशी प्लेन शराब के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी मोटरसाइकिल से शराब की खेप लेकर जा रहा था। पुलिस ने ग्राम खंडोबा मंदिर के पास मुख्य मार्ग पर घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। उसके कब्जे से 7 लीटर से अधिक शराब और परिवहन में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल जब्त की गई है।

पुलिस के मुताबिक, 1 नवंबर को शराब कोचियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए टीम रवाना हुई थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम रानीगांव स्थित शराब दुकान की ओर से एक व्यक्ति मोटरसाइकिल पर बड़ी मात्रा में देशी शराब लेकर जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने ग्राम खंडोबा मंदिर के पास मुख्य मार्ग पर घेराबंदी की और संदिग्ध को पकड़ लिया।

पूछताछ में उसकी पहचान ज्योतिष कुमार साहू, निवासी मोहतराई, थाना रतनपुर के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 40 पाव देशी प्लेन शराब बरामद हुई। जब्त शराब की कीमत 3200 रुपये बताई गई है। पुलिस ने शराब के साथ मोटरसाइकिल भी जब्त कर आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की और उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

यह कार्रवाई डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह और एसडीओपी कोटा नूपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निलेश पाण्डेय के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में प्रधान आरक्षक, सहायक उपनिरीक्षक नीलाकर सेठ तथा आरक्षक आकाश डोंगरे और देवानंद चंद्राकर की भूमिका रही।