बिलासपुर…ग्राम कुरेली के विद्युत सब स्टेशन में ऑपरेटर अमन साहू की करंट की चपेट में आने से हुई मौत के बाद उपजे आक्रोश के बीच हिर्री पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। पुलिस ने सभी को गिरफ्तार कर कार्यपालिक दंडाधिकारी के समक्ष पेश किया। पुलिस का कहना है कि कुछ लोगों की गतिविधियों से शासकीय कार्य और क्षेत्र की शांति व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका थी।

पुलिस के अनुसार, कुरेली विद्युत सब स्टेशन में ऑपरेटर अमन साहू की करंट लगने से मौत के बाद क्षेत्र में आक्रोश की स्थिति बनी थी। इस दौरान शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने कार्रवाई की। उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर हिर्री पुलिस ने त्वरित कदम उठाते हुए सात लोगों को प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत गिरफ्तार किया।

कार्रवाई की जद में कुरेली निवासी दीपक कौशिक, शुभम कौशिक , सत्यम कौशिक, उमाशंकर कौशिक, आयुष कौशिक, ओमप्रकाश कौशिक और ललित कुमार कौशिक आए हैं। पुलिस ने सभी को हिरासत में लेकर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई पूरी की और कार्यपालिक दंडाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किया।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, थाना क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह कार्रवाई की गई है। ग्रामीणों से अपील की गई है कि किसी भी घटना के विरोध में कानून हाथ में लेने या सार्वजनिक व्यवस्था प्रभावित करने के बजाय अपनी शिकायत पुलिस और प्रशासन तक पहुंचाएं। संदिग्ध गतिविधियों और कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

इस कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, नगर पुलिस अधीक्षक चकरभाठा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक दामोदर प्रसाद मिश्रा और पीएसआई उषा निषाद की भूमिका रही।