रायपुर /छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के विधानसभा थाना क्षेत्र में 13 वर्षीय बच्ची के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। मामले में पुलिस ने 14 और 16 वर्ष के दो नाबालिगों को हिरासत में लिया है।

आरोप है कि घटना के बाद दोनों ने बच्ची को किसी को कुछ बताने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी थी। डर के कारण बच्ची ने करीब एक महीने तक परिजनों को इसकी जानकारी नहीं दी। अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में उसकी तबीयत बिगड़ने के बाद घटना का खुलासा हुआ।

मिली जानकारी के अनुसार, घटना 25 सितंबर की बताई जा रही है। उस दिन बच्ची अपनी सहेली से मिलने उसके घर गई थी। बताया गया है कि सहेली घर पर मौजूद नहीं थी, लेकिन उसका भाई और एक अन्य नाबालिग वहां थे। आरोप है कि घर पर बच्ची को अकेला पाकर दोनों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद किसी को घटना बताने पर जान से मारने की धमकी दी। धमकी के डर से बच्ची ने शुरुआत में यह बात किसी को नहीं बताई।

घटना के करीब एक महीने बाद अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में बच्ची की तबीयत बिगड़ने लगी। उसे लगातार चक्कर आने की शिकायत हुई। इसके बाद परिजनों ने उससे पूछताछ की, जिस पर बच्ची ने रोते हुए घटना की जानकारी दी। बताया जा रहा है कि पीड़िता और दोनों आरोपी एक ही आवासीय कॉलोनी में रहते हैं तथा परिवारों के बीच पहले से परिचय था। दोनों आरोपियों के माता-पिता मजदूरी करते हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपियों में से एक ने पढ़ाई छोड़ दी है, जबकि दूसरा नौवीं कक्षा का छात्र है।

बच्ची के परिजनों ने विधानसभा थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर पॉक्सो एक्ट और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर दोनों नाबालिगों को हिरासत में लिया। अदालत के आदेश पर उन्हें बाल संप्रेषण गृह भेज दिया गया है। मामले में पुलिस आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

न