बिलासपुर..स्कूल जाने के दौरान नाबालिग छात्रा का रास्ता रोककर उसके साथ छेड़छाड़ करने के मामले में सकरी पुलिस ने 20 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि युवक आए दिन छात्रा को परेशान करता था। कभी उसका हाथ पकड़कर खींचता तो कभी चुनरी खींचकर अनाप-शनाप बातें करता था। पड़ोसी होने के कारण परिवार ने शुरुआत में इस मामले को नजरअंदाज किया, लेकिन बार-बार की हरकतों से परेशान होकर आखिरकार परिजनों ने पुलिस से शिकायत की।

पुलिस के अनुसार, घटना 30 अक्टूबर 2026 की सुबह करीब 9 बजे की है। नाबालिग छात्रा स्कूल जा रही थी। इसी दौरान उस्लापुर जयस्तंभ के पास गांव का रहने वाला विजय मरावी उसे मिला। आरोप है कि उसने छात्रा को स्कूल जाने से रोकते हुए उसका हाथ और चुनरी पकड़कर खींचा तथा छेड़छाड़ की। इसके बाद छात्रा की मां ने 1 नवंबर को सकरी थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 74 और पॉक्सो एक्ट की धारा 7 एवं 8 के तहत मामला दर्ज किया। नाबालिग से जुड़े अपराध की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज कुमार पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक परमेश्वर तिलकवार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सकरी निरीक्षक संजय सिंदे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी विजय ध्रुव, पिता प्रकाश ध्रुव, निवासी काटीखार, उस्लापुर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।