रायपुर/ राजधानी रायपुर के डीडी नगर थाना क्षेत्र में युवक पर चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल करने के मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

इनमें दो नाबालिग भी शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल चाकू और बाइक जब्त की है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने तात्कालिक विवाद के चलते हमला करना स्वीकार किया है।

पुलिस के अनुसार, वेंकट पिल्ले ने डीडी नगर थाने में घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक, 22 अक्टूबर को वेंकट अपने दोस्त रूपांशु यादव के जन्मदिन के लिए केक खरीदने अपने साथी खिलेंद्र साहू के साथ गया था। दोनों वापस लौटे तो देखा कि होटल के सामने दो बाइकों पर सवार चार युवक रूपांशु के साथ मारपीट कर रहे थे।

आरोपियों ने वेंकट और उसके साथी को भी दौड़ाया, जिसके बाद वे वहां से भाग निकले।

कुछ देर बाद जब वे वापस लौटे तो रूपांशु यादव के शरीर के अलग-अलग हिस्सों में धारदार हथियार से चोट के निशान मिले।

वह गंभीर रूप से घायल था। उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की।

जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने मयंक ठाकुर (21), अंकित ध्रुव (19), ओम कुमार सागरवंशी (19) और दो नाबालिगों को पकड़ा। पूछताछ में सभी ने तात्कालिक विवाद को लेकर रूपांशु पर हमला करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हमले में इस्तेमाल चाकू और बाइक जब्त कर ली है।

गिरफ्तार आरोपियों में मयंक ठाकुर, निवासी तिरंगा चौक कुशालपुर, थाना पुरानी बस्ती; अंकित ध्रुव, निवासी चेतन पान ठेला के पास तिरंगा चौक कुशालपुर, थाना पुरानी बस्ती; और ओम कुमार सागरवंशी, निवासी बांसटाल खल्लारी चौक, थाना डीडी नगर शामिल हैं। इनके साथ दो विधि से संघर्षरत बालकों को भी पकड़ा गया है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।