बिलासपुर… बिलासपुर-अंबिकापुर हाईवे पर रविवार सुबह बेलतरा से आगे बेलपारा के पास एक भीषण सड़क हादसे में रायपुर की युवती काजल साहू की मौत हो गई, जबकि 10 लोग घायल हुए हैं। घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसा उस वक्त हुआ, जब रतनपुर घूमने के बाद चैतुरगढ़ जा रहे पांच युवक और पांच युवतियों से भरी ईको कार तेज रफ्तार में आगे चल रहे ट्रेलर के पीछे जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार ट्रेलर में बुरी तरह फंस गई। ट्रेलर चालक को हादसे का तत्काल पता नहीं चला और वह कार को घसीटते हुए काफी दूर तक ले गया।

जानकारी के मुताबिक, रायपुर के रमाकुंड, समता कॉलोनी और मंगल बाजार क्षेत्र के पांच युवक और पांच युवतियां रविवार सुबह ईको वाहन में सवार होकर घूमने निकले थे। सभी रतनपुर घूमने के बाद चैतुरगढ़ के लिए रवाना हुए थे। सुबह करीब 11 बजे के बाद बेलपारा के पास ईको चालक को झपकी आ गई। इसके बाद तेज रफ्तार वाहन अनियंत्रित होकर सामने चल रहे ट्रेलर के पीछे जा भिड़ा।

टक्कर के बाद ईको कार ट्रेलर में फंस गई। बताया जा रहा है कि ट्रेलर चालक को कार के फंसने की जानकारी नहीं हो सकी और वह वाहन आगे बढ़ाता रहा। कार ट्रेलर के साथ घिसटती हुई काफी दूर तक चली गई। पीछे से दूसरे लोगों ने ट्रेलर चालक को हादसे की जानकारी दी, जिसके बाद उसने वाहन रोका। तब तक कार सवारों के बीच चीख-पुकार मच चुकी थी। हादसे में युवती काजल साहू की जान चली गई, जबकि बाकी सवार घायल हो गए।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस और एंबुलेंस की मदद से घायलों को रतनपुर स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार शुरू किया गया। गंभीर रूप से घायल दो लोगों को बेहतर उपचार के लिए सिम्स रेफर किया गया है। अन्य घायलों का रतनपुर में इलाज जारी है।

झपकी बनी जानलेवा

यह हादसा लंबी दूरी की यात्रा के दौरान वाहन चालक की थकान और झपकी के गंभीर खतरे की याद दिलाता है। घूमने निकले युवाओं का सफर एक पल में दर्दनाक हादसे में बदल गया। तेज रफ्तार और चालक की झपकी ने एक परिवार से उसकी बेटी छीन ली, वहीं कई अन्य जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहे हैं।