CG Patwari Strike।रायपुर। Chhattisgarh में बीते 13 अक्टूबर 2026 से चल रहा पटवारियों का आंदोलन आज से स्थगित कर दिया गया है।

CG Patwari Strike।राजस्व पटवारी संघ छत्तीसगढ़ के प्रांताध्यक्ष ने इस संबंध में मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर औपचारिक जानकारी दी है। पत्र में कहा गया है कि शासन की ओर से दिखाई गई सकारात्मक पहल और संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए प्रदेश भर के हजारों पटवारियों के अधिकार, स्वाभिमान और सम्मान से जुड़े इस आंदोलन को फिलहाल स्थगित करने का निर्णय लिया गया है।

प्रांताध्यक्ष ने पत्र के माध्यम से प्रदेश के हजारों पटवारियों की आवाज मुख्यमंत्री के समक्ष रखते हुए कई अहम मांगें और अनुरोध भी किए हैं।

संघ ने मांग की है कि आंदोलन व हड़ताल की अवधि में प्रदेश भर में पटवारियों के विरुद्ध की गई तमाम दमनात्मक कार्रवाइयों को शून्य कर पूर्ववत स्थिति बहाल की जाए। इनमें निलंबन, ब्रेक इन सर्विस, स्थानांतरण और कारण बताओ नोटिस जैसी कार्रवाइयां शामिल हैं, जिन्हें समाप्त करने का आग्रह किया गया है।

इसके अलावा पटवारी संघ ने अनिश्चितकालीन आंदोलन की संपूर्ण अवधि को कार्य दिवस मानते हुए उस दौरान का नियमित वेतन प्रदान करने की मांग भी प्रमुखता से रखी है।

साथ ही वेतन विसंगति और पदोन्नति के विषय में तत्काल निर्णय लेते हुए सुसंगत आदेश जारी करने का अनुरोध किया गया है। कर्मचारियों की समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए ऑनलाइन मुख्यमंत्री जनदर्शन सेवा शुरू करने की मांग भी पत्र में शामिल की गई है।

पत्र के अंत में राजस्व पटवारी संघ ने भरोसा जताया है कि संवेदनशील सरकार कर्मचारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए सकारात्मक रवैया अपनाएगी और इन मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार कर उन्हें अनुग्रहित करेगी।