बिलासपुर… शादी की बात पर हुए विवाद के बाद खुद को आग लगाने वाले युवक की मौत के मामले में करीब 10 महीने बाद पुलिस ने उसकी प्रेमिका को गिरफ्तार किया है। कोनी पुलिस ने 21 वर्षीय आकांक्षा सिदार, निवासी भटगांव, जिला सूरजपुर को आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने के आरोप में गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस के मुताबिक, मृतक विकास गुप्ता और आकांक्षा सिदार के बीच प्रेम संबंध थे। 27 जनवरी 2026 को दोनों कोनी स्थित एक होटल में रुके थे। इस दौरान शादी को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। विवाद के बाद विकास ने खुद पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा ली। गंभीर रूप से झुलसे विकास को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 1 फरवरी 2026 को रायपुर के अस्पताल में उसकी मौत हो गई।

युवक की मौत के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की थी। जांच के दौरान सामने आए तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस का दावा है कि विकास को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था और उसे आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित किया गया। जांच में मिले साक्ष्यों के आधार पर कोनी थाने में अपराध धारा 108 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।

कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 21 नवंबर को आकांक्षा सिदार को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।