बिलासपुर…वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर बिलासपुर पुलिस ने हत्या के एक सनसनीखेज मामले का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल रक्तरंजित बांस का डंडा और घटना के समय पहने गए खून से सने कपड़े भी बरामद कर लिए हैं। डिजिटल साक्ष्यों के साथ की गई इस कार्रवाई को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है।

पुलिस के अनुसार 29 जुलाई 2026 की रात ग्राम खुरदूर स्थित विकास किराना स्टोर के सामने दुकान के सामान और पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद हुआ था। विवाद इतना बढ़ा कि सिदेशी बघेल पर बांस के डंडे से जानलेवा हमला कर दिया गया। गंभीर चोटों के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मर्ग कायम किया और हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। एसएसपी रजनेश सिंह ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह और एसडीओपी नूपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी शशिकांत भारद्वाज के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने संदेहियों निखिल यादव और अंकुश रजक को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर दोनों ने वारदात में अपनी भूमिका स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त रक्तरंजित बांस का डंडा तथा घटना के समय पहने गए खून से सने कपड़े बरामद कर जब्त किए गए।

पुलिस ने पूरी जब्ती और मेमोरेंडम की कार्रवाई ई-साक्ष्य ऐप के माध्यम से वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी कर डिजिटल साक्ष्य भी सुरक्षित किए। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर चिकित्सीय परीक्षण के बाद न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

कार्रवाई में थाना प्रभारी शशिकांत भारद्वाज, उपनिरीक्षक शिव कुमार साहू, प्रधान आरक्षक सत्य प्रकाश यादव तथा आरक्षक संजय श्याम, जलेश्वर साहू, खिलावन नेताम, कौशल बिंझवार और विनोद यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।