शराब घोटाला मामला:रायपुर। छत्तीसगढ़ के चर्चित शराब घोटाला मामले से जुड़ी एक बड़ी कार्रवाई में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के करीबी माने जाने वाले कृष्ण कुमार श्रीवास्तव उर्फ केके श्रीवास्तव को गिरफ्तार कर लिया है।

यह गिरफ्तारी कथित हवाला कारोबार और मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े मामले में की गई है। गिरफ्तारी के बाद ईडी ने उन्हें विशेष अदालत में पेश किया, जहां सुनवाई के बाद कोर्ट ने उन्हें 8 दिन की ईडी रिमांड पर भेजने का आदेश दिया।

गौरतलब है कि ईडी ने कोर्ट से 9 दिनों की कस्टोडियल रिमांड की मांग की थी, लेकिन अदालत ने सुनवाई के बाद 8 दिन की रिमांड मंजूर की। अब जांच एजेंसी 7 अगस्त तक केके श्रीवास्तव से पूछताछ कर सकेगी।

शराब घोटाला मामले में केके श्रीवास्तव और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की उपसचिव रहीं सौम्या चौरसिया, दोनों पहले जेल में बंद थे। इसी वर्ष मार्च महीने में हाईकोर्ट ने दोनों को जमानत दी थी और स्पष्ट किया था कि जिस दिन मामले में चालान पेश होगा, उसी दिन उन्हें रिहाई मिलेगी। इसके बाद 8 अप्रैल को आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (ईओडब्ल्यू) ने कोर्ट में चालान पेश किया, जिसके बाद दोनों की रायपुर सेंट्रल जेल से रिहाई हुई थी। हालांकि, ईडी की ताजा कार्रवाई के बाद केके श्रीवास्तव एक बार फिर जांच एजेंसी की हिरासत में पहुंच गए हैं।

केके श्रीवास्तव पर आरोप है कि उन्होंने स्मार्ट सिटी और नवा रायपुर परियोजनाओं में करीब 500 करोड़ रुपये का काम दिलाने का झांसा देकर 15 करोड़ रुपये की ठगी की। इस संबंध में रायपुर के तेलीबांधा थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई थी।

शिकायत के मुताबिक, दिल्ली की कंपनी रावत एसोसिएट से जुड़े लोगों को प्रोजेक्ट दिलाने का भरोसा देकर रकम ली गई थी, लेकिन काम न मिलने पर पैसे वापस मांगे जाने से विवाद बढ़ गया और मामला पुलिस तक पहुंचा।

जांच एजेंसियों के अनुसार, केके श्रीवास्तव से जुड़े बैंक खातों की पड़ताल में करोड़ों रुपये के लेन-देन सामने आए हैं। पुलिस जांच में करीब 300 करोड़ रुपये के संदिग्ध ट्रांजेक्शन की जानकारी भी मिली थी, जिसमें कुछ खातों के आर्थिक लेन-देन के लिए इस्तेमाल किए जाने का आरोप है। इस मामले की जानकारी आयकर विभाग सहित अन्य जांच एजेंसियों के साथ भी साझा की गई है।

रिमांड अवधि के दौरान ईडी अब केके श्रीवास्तव से कथित हवाला नेटवर्क, धन के स्रोत, बैंक लेन-देन और मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े पहलुओं पर विस्तृत पूछताछ करेगी। जांच एजेंसी यह पता लगाने की कोशिश करेगी कि यह कथित नेटवर्क कितना बड़ा है और इसमें और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

माना जा रहा है कि पूछताछ के दौरान कई अहम खुलासे हो सकते हैं। फिलहाल ईडी मामले की जांच में जुटी है और रिमांड अवधि पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।