CG वनरक्षक भर्ती परीक्षा/रायपुर। छत्तीसगढ़ के सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए एक निराशा जनक खबर सामने आई है। छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल ने वनरक्षक के पदों पर भर्ती के लिए आगामी 13 दिसंबर 2026 को होने वाली लिखित परीक्षा को फिलहाल स्थगित कर दिया है।

बोर्ड की ओर से इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी कर दिया गया है। अचानक परीक्षा टलने से लंबे समय से तैयारी में जुटे हजारों अभ्यर्थियों में मायूसी छा गई है।

प्रधान मुख्य वन संरक्षक के पत्र के बाद लिया गया निर्णय
CG वनरक्षक भर्ती परीक्षा/मिली जानकारी के अनुसार, वनरक्षक के रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया के तहत द्वितीय चरण की लिखित परीक्षा 13 दिसंबर को आयोजित होनी थी। बताया जा रहा है कि, प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख की ओर से प्राप्त पत्र के आधार पर छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल ने यह अहम फैसला लिया है। जारी किए गए आदेश में परीक्षा को स्थगित करने के पीछे के स्पष्ट कारणों का जिक्र नहीं किया गया है।

नई तारीखों का ऐलान नहीं

लिखित परीक्षा के स्थगन के साथ ही विभाग ने परीक्षा की नई तारीखों का कोई ऐलान नहीं किया है।

बिना किसी पूर्व सूचना के अचानक परीक्षा स्थगित होने से छात्र असमंजस में हैं। अभ्यर्थियों को अब बोर्ड की ओर से नई तारीखों की घोषणा का इंतजार करना होगा। परीक्षा से जुड़ी हर नई अपडेट के लिए उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखें।