कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में खाद्य विभाग की टीम ने सख्त रुख अपना लिया है। ‘सुरक्षित आहार, हमार अधिकार’ अभियान के तहत विभाग की टीम ने बोड़ला-चिल्फी मार्ग स्थित तीन प्रमुख ढाबों का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान दो ढाबों से भारी मात्रा में एक्सपायरी डेट की कोल्ड ड्रिंक और लस्सी बरामद हुई, जिसे टीम ने मौके पर ही नष्ट करा दिया।

26 और 27 नवंबर को अभिहित अधिकारी मुकेश साहू और खाद्य सुरक्षा अधिकारी फणीभूषण जायसवाल के नेतृत्व में टीम ने जेके छोटू ढाबा, रानीदरहा ढाबा और काका दा पंजाबी ढाबा में दबिश दी। इस दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्टोरेज और किचन की साफ-सफाई की गहनता से जांच की गई।

काका दा पंजाबी ढाबा में जांच के दौरान एक्सपायरी डेट की कोल्ड ड्रिंक की 55 बोतलें पाई गईं। रानीदरहा ढाबा में से एक्सपायरी कोल्ड ड्रिंक की 45 बोतलों के साथ-साथ एक्सपायरी स्मूथ लस्सी के पैकेट भी बरामद हुए। विभागीय टीम ने ग्राहकों की सेहत से हो रहे खिलवाड़ को देखते हुए सभी एक्सपायरी सामग्रियों को मौके पर ही नष्ट किया।

15 दिन का सुधार नोटिस जारी
निरीक्षण के दौरान तीनों ढाबों में स्वच्छता और खाद्य मानकों में कई अनियमितताएं पाई गईं।

इसे गंभीरता से लेते हुए विभाग ने तीनों ढाबा संचालकों को 15 दिन का सुधार नोटिस जारी किया है। तय समय सीमा के भीतर व्यवस्थाओं में सुधार नहीं करने पर संचालकों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी। खाद्य सुरक्षा विभाग ने कहा कि, जिले के सभी होटल, ढाबों और खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच का यह अभियान निरंतर जारी रहेगा और गुणवत्ता से समझौता करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।