बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में महिला की सहमति के बिना गर्भपात कराने के आरोप से जुड़े मामले में कानूनी कार्रवाई तेज हो गई है। तीन महीने की गर्भवती महिला ने अपने पति और एक महिला डॉक्टर पर मिलीभगत कर बेहोशी की हालत में उसकी मर्जी के खिलाफ गर्भपात कराने का आरोप लगाया है।

मामले में जिला न्यायालय ने आरोपी डॉक्टर की अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी है। पुलिस ने इस प्रकरण में महिला के पति सुयश अग्रवाल और जेपी हॉस्पिटल की संचालक डॉ. उज्वला कराड़े के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।

एफआईआर के बाद डॉक्टर ने मांगी थी अग्रिम जमानत

पीड़िता की शिकायत पर सिरगिट्टी थाना पुलिस ने पति सुयश अग्रवाल और जेपी हॉस्पिटल की संचालक डॉ. उज्वला कराड़े के खिलाफ अपराध दर्ज किया था।

गिरफ्तारी की आशंका के चलते डॉक्टर ने जिला न्यायालय में अग्रिम जमानत के लिए आवेदन दिया था। हालांकि, अदालत ने उनकी याचिका खारिज कर दी। जिला न्यायालय से राहत नहीं मिलने के बाद अब आरोपी डॉक्टर के हाई कोर्ट जाने की तैयारी करने की जानकारी सामने आई है।

जांच के बहाने अस्पताल ले जाने का आरोप

पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 13 नवंबर को उसका पति गर्भावस्था की जांच कराने के बहाने उसे बिलासपुर स्थित मल्टी स्पेशलिटी एंड वूमेन केयर क्लीनिक नर्सिंग होम (जेपी हॉस्पिटल) लेकर गया था। वहां उसे भर्ती कराया गया।

महिला का आरोप है कि अस्पताल में उसे बातों में उलझाकर बेहोशी का इंजेक्शन दिया गया। इसके बाद बेहोशी की हालत में कुछ दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कराए गए और उसकी सहमति के बिना गर्भपात कर दिया गया।

महिला के मुताबिक, जब उसे होश आया तो पति ने बच्चे की हार्टबीट कम होने की बात कहकर घटना को समझाने की कोशिश की। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि उसके पति और डॉक्टर ने आपस में मिलीभगत कर उसकी इच्छा के विरुद्ध गर्भपात कराया।

तलाक की आशंका को बताया गर्भपात की वजह

शिकायत में महिला ने दावा किया है कि घटना के समय वह तीन महीने की गर्भवती थी। उसका आरोप है कि पति तलाक लेना चाहता था और उसे आशंका थी कि बच्चे के जन्म के बाद तलाक की प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है। इसी वजह से उसने डॉक्टर के साथ मिलकर कथित तौर पर उसकी सहमति के बिना गर्भपात कराने की योजना बनाई। ये सभी आरोप फिलहाल शिकायत और पुलिस जांच का हिस्सा हैं।

पुलिस जुटा रही साक्ष्य

मामले में सिविल लाइन सीएसपी परमेश्वर तिलकवार ने बताया कि पुलिस प्रकरण की गहनता से जांच कर रही है। शिकायत और अब तक सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि साक्ष्य जुटाने के बाद आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल मामले में डॉक्टर की अग्रिम जमानत याचिका खारिज हो चुकी है। पुलिस जांच के दौरान अस्पताल के दस्तावेजों, इलाज से जुड़े रिकॉर्ड और अन्य साक्ष्यों की भूमिका अहम होगी। आरोपों की पुष्टि जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही हो सकेगी।