CG News: बी.पी.एड/डी.पी.एड. विभागीय प्रवेश हेतु आवेदन आमंत्रित

महासमुंद :शिक्षा सत्र 2026-27 हेतु शासकीय महिला शारीरिक शिक्षा प्रशिक्षण महाविद्यालय, पेण्ड्रा जिला गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही में संचालित बी.पी.एड. एवं डी.पी.एड. द्विवर्षीय पाठ्यक्रमों में विभागीय अभ्यर्थियों से प्रवेश हेतु आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
यह प्रवेश छत्तीसगढ़ शासन, स्कूल शिक्षा विभाग के अंतर्गत शासकीय विद्यालयों में कार्यरत नियमित सहायक शिक्षक, सहायक शिक्षक (एल.बी.) एवं सहायक शिक्षक पंचायत के लिए निर्धारित है।
जिला शिक्षा अधिकारी विजय कुमार लहरे ने बताया कि विभागीय उम्मीदवारों के लिए डी.पी.एड. पाठ्यक्रम में पुरुष 10 एवं महिला 5 सीट तथा बी.पी.एड. पाठ्यक्रम में महिला-पुरुष उम्मीदवार के लिए 5-5 सीटें निर्धारित की गई हैं।
निर्धारित पात्रता के अनुसार डी.पी.एड. पाठ्यक्रम हेतु अभ्यर्थी का हायर सेकेण्डरी परीक्षा में न्यूनतम 50 प्रतिशत अंकों के साथ उत्तीर्ण होना आवश्यक है। वहीं बी.पी.एड. पाठ्यक्रम हेतु स्नातक में न्यूनतम 50 प्रतिशत अंकों के साथ डी.पी.एड. उत्तीर्ण होना अनिवार्य किया गया है। साथ ही एन.सी.टी.ई. द्वारा निर्धारित अर्हताएं भी मान्य होंगी।
विभागीय अभ्यर्थियों के लिए 01 जुलाई 2026 की स्थिति में न्यूनतम 3 वर्ष की सेवा पूर्ण होना आवश्यक है। विभागीय उम्मीदवार अधिक जानकारी एवं आवेदन पत्र अपने संबंधित विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी कार्यालय से प्राप्त कर उसी कार्यालय में जमा कर सकते हैं।
विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी द्वारा प्राप्त विभागीय आवेदन पत्रों की वरिष्ठता क्रम में सूची तैयार कर 26 मई 2026 तक हार्ड एवं सॉफ्ट कॉपी में कार्यालय जिला शिक्षा अधिकारी महासमुंद को प्रेषित किया जाएगा।




