धमतरी: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के कुरूद में एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई की है। अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) एवं दण्डाधिकारी कुरूद कार्यालय में सहायक ग्रेड-3 के पद पर पदस्थ पुनेश्वर सूर्यवंशी को कृषि भूमि के डायवर्सन के एवज में रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया।

आरोपी ने ग्राम कंहारपुरी, तहसील कुरूद स्थित कृषि भूमि को व्यावसायिक प्रयोजन हेतु परिवर्तित कराने के नाम पर 20 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी। शिकायतकर्ता से पहली किस्त के रूप में 10 हजार रुपये लेते समय एसीबी की टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया।

प्रकाश चन्द्राकर, निवासी शिक्षक कालोनी वार्ड नंबर 15, धमतरी ने एंटी करप्शन ब्यूरो रायपुर में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उन्होंने अपनी कृषि भूमि के डायवर्सन के लिए कुरूद एसडीएम कार्यालय में आवेदन दिया था। सहायक ग्रेड-3 पुनेश्वर सूर्यवंशी से मुलाकात पर काम कराने के बदले 20 हजार रुपये रिश्वत मांगी जा रही थी।

प्रार्थी रिश्वत देना नहीं चाहता था। वह आरोपी को रंगे हाथ पकड़वाना चाहता था। शिकायत के सत्यापन के दौरान आरोपी पहली किस्त के रूप में 10 हजार रुपये लेने को तैयार हो गया।

5 अक्टूबर को एसीबी ने ट्रैप का आयोजन किया। जैसे ही पुनेश्वर सूर्यवंशी ने शिकायतकर्ता से 10 हजार रुपये की रिश्वत ली, मौके पर मौजूद एसीबी टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। रिश्वत की रकम भी बरामद की गई।

आरोपी को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित अधिनियम 2018) की धारा 7 के तहत अग्रिम कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
`