cg news/अंबिकापुर: अंबिकापुर के खैरबार गांव में करमा उत्सव के दौरान हुए विवाद में दो युवकों ने अपने साथी की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

मृतक विश्वजीत कुल्हाड़े उर्फ राजा (लगभग 27 वर्ष) कोरिया जिले के पटना निवासी थे। वे पिछले एक वर्ष से अंबिकापुर के मायापुर निवासी रमेश सोनी के खैरबार बदुलापारा स्थित गैरेज में बाइक मैकेनिक का काम करते थे और वहीं कमरे में रहते थे।

3 अक्टूबर की रात विश्वजीत अपने साथियों आकाश सिंह उर्फ चिंटू, आकाश कुमार और शनि कुमार के साथ करमा उत्सव देखने गए थे। उत्सव के दौरान किसी बात पर विश्वजीत और आकाश चिंटू के बीच बहस हुई, जिसमें विश्वजीत ने चिंटू को थप्पड़ मार दिया।

इसके बाद विश्वजीत शनि के साथ गैरेज के पीछे वाले कमरे में सोने चले गए। देर रात आकाश चिंटू और आकाश कुमार कुल्हाड़ी लेकर वहां पहुंचे। शनि ने दरवाजा खोला तो हमलावरों ने उसे पीटा, जिसके बाद वह भाग निकला। दोनों आरोपियों ने कमरे में घुसकर दरवाजा बंद कर लिया और विश्वजीत पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। गर्दन पर प्रहार से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

शनि की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। कमरे में विश्वजीत का शव खून से लथपथ मिला। पुलिस ने आकाश सिंह उर्फ चिंटू (26) और आकाश कुमार (19) को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में दोनों ने हत्या स्वीकार की। हत्या में इस्तेमाल कुल्हाड़ी भी जब्त की गई। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। आरोपियों के खिलाफ हत्या की धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।