रांची। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार की पुत्री श्रुति गंगवार को उत्तर प्रदेश से राज्यसभा चुनाव का उम्मीदवार घोषित किया है। पार्टी ने उत्तर प्रदेश में होने वाले राज्यसभा चुनाव के लिए अपने आठ उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की है, जिनमें श्रुति गंगवार का नाम भी शामिल है।

भाजपा की ओर से जारी सूची में धर्मपाल सिंह, राधाकांत ओझा, प्रकाश पाल, विद्यासागर सोनकर, गोपी कृष्ण पांडेय, प्रियंका सिंह रावत, राम प्रताप सिंह चौहान और श्रुति गंगवार को उम्मीदवार बनाया गया है। इनमें दो महिलाएं शामिल हैं—प्रियंका सिंह रावत और श्रुति गंगवार।

श्रुति गंगवार बरेली से हैं और अर्बन को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड, बरेली की अध्यक्ष हैं। वे पूर्व केंद्रीय मंत्री और आठ बार के सांसद रहे संतोष कुमार गंगवार की बेटी हैं।

पार्टी ने इस सूची में जातीय और क्षेत्रीय संतुलन का ध्यान रखते हुए ओबीसी, अनुसूचित जाति और सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों को जगह दी है।

उत्तर प्रदेश में राज्यसभा की 10 सीटों पर चुनाव 16 अक्टूबर को होने वाला है। भाजपा-नीत गठबंधन से आठ सीटें जीतने की उम्मीद जताई जा रही है।